कानपुर। आईपीएल-15 से पहले हुए ऑक्शन के बाद सभी टीमों में भारी उलट-फेर देखने को मिल रहा है। इसी उलट-फेर के चलते कानपुर के कुलदीप यादव केकेआर की जगह नीली जर्सी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। हालांकि कुलदीप बीते कई दिनों से टीम से बाहर थे।
हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई सीरीज में उन्हें टीम में तो चुना गया। लेकिन, प्लेइंग इलेवन में वह अपनी जगह नहीं बना पाए। ऐसे में यह आईपीएल उनके लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। कुलदीप भी इस आईपीएल को अपने करियर का अहम पड़ाव मानते हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर जब भास्कर ने कुलदीप से फोन पर बातचीत करने की कोशिश की तो उन्होंने ज्यादा बात न करते हुए भी बहुत कुछ कह दिया।
आईपीएल के सीजन 14 तक कुलदीप कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ में थे। लेकिन इस बार उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। कुलदीप अभी तक खेले गए आईपीएल के 45 मैचों में 40 विकेट ले चुके है।
यह खिलाड़ी अपने आप को साबित करने के लिए इस बार मैदान में उतरेगा क्योंकि इससे पहले भी चाइनामैन कहे जाने वाले कुलदीप को टीम इंडिया में तो शामिल कर लिया जाता था लेकिन वह प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो पाए थे।
