Type Here to Get Search Results !

आरक्षक भर्ती में पूर्व सैनिकों का 10 प्रतिशत कोटा नहीं रखा गया

दिग्विजय सिंह ने लिखा सीएम शिवराज को पत्र

भोपाल। प्रदेश में हो रही 6 हजार आरक्षकों की भर्ती में पूर्व सैनिकों का कोटा नहीं रखने के चलते पूरी भर्ती प्रक्रिया ही निरस्त होने की कगार पर आ गई है, जबकि इसके लिए नियम निर्धारित हैं। ऐसे में इस कमी को दूर करने के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूर्व सैनिकों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित करके ही भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के बारे में पत्र लिखा है। 

इस बारे में सोमवार को सीएम को लिखे गए पत्र में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मप्र पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 में सम्मिलित भूतपूर्व सैनिक एवं महिला अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मंडल ने अवगत कराया है कि उनको 10 प्रतिशत आरक्षण के लाभ से वंचित रखा गया है। प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड द्वारा जारी की गई नियम पुस्तिका में भूतपूर्व सैनिकों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का उल्लेख है। बावजूद पीईबी द्वारा जारी किए गए प्रारंभिक परिणामों में आरक्षण प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है। 

दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि पीईबी द्वारा भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी करने के बाद परिणामों में हेरफेर करके पूर्व में क्वालीफॉईड अभ्यार्थियों को बाद में अनक्वालीफाईड कर दिया गया है। इसी तरह महिलाओं को दिए जाने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण में भी अनेक विसंगतियां हैं। ऐसे में परीक्षा परिणाम फिर से सुधार कर जारी किया जाए। साथ ही आरक्षण नियमों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए।