भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आगामी 2 मई को राजधानी भोपाल में लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इसमें लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाओं को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में बालिकाओं को ड्राइविंग लायसेंस देने और माँ तुझे प्रणाम योजना में चयनित बालिकाओं को देश की सीमाओं की भ्रमण यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। लाड़ली लक्ष्मी उत्सव में हितग्राही बालिकाओं के अभिभावक भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में ग्राम स्तर तक प्रसारण किया जाएगा। भोपाल में 2 मई को और जिलों में 3 से 11 मई की अवधि में विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मंत्रालय में हुई बैठक में राज्य स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव महिला एवं बाल विकास श्री अशोक शाह और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी उपस्थित थे।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 3 से 11 मई की अवधि में पंचायत स्तर पर भी उत्सव होगा। इसमें विभिन्न जिलों में स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों से लाड़ली लक्ष्मियों को जोड़ा जाएगा। इन गतिविधियों में बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, फॉलिक एसिड टेबलेट्स वितरण, रंगोली एवं अन्य स्पर्धाओं के साथ खेलकूद भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, विधायक और सांसदों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
