Type Here to Get Search Results !

स्वास्थ्य सेवाओं में साँची से पीछे नहीं रहेगा सांवेर : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी

भोपाल। आजादी के अमृत महोत्सव में जनोपयोगी स्वास्थ्य शिविर आज साँवेर में आयोजित किया गया। शिविर का लाभ आस-पास के गाँवों से आये लोगों ने लिया।  मेले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट भी सम्मिलित हुए।  स्वास्थ्य शिविर में सभी तरह के रोगों के परीक्षण और  उपचार की व्यवस्था की गई और सरकारी क्षेत्र के साथ इंदौर के बड़े अस्पतालों के डॉक्टर और उनका स्टॉफ़ भी मौजूद रहा। 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में 30 अप्रैल तक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन आज़ादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला के तहत हो रहा है। साँवेर में आज इस स्वरूप में स्वास्थ्य मेले को देखकर उन्हें हार्दिक प्रसन्नता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेलों का भी आयोजन किया जाएगा।

मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की अगुवाई में सांवेर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। यहाँ सड़कों के निर्माण के साथ सिंचाई की सुविधाएँ भी निरंतर बढ़ रही है।  मंत्री सिलावट हमेशा सांवेर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सजग रहते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सांवेर स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राप्त करने में कभी भी पीछे नहीं रहेगा। मंत्री श्री चौधरी ने विगत कुछ महीनों में साँवेर क्षेत्र में स्वीकृत किए गए कार्यों का उल्लेख भी किया। 

जल-संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा की सांवेर अब तरक़्क़ी की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यहाँ सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ स्वच्छता के क्षेत्र में भी काम हो रहा है। उन्होंने शिविर में मौजूद डॉक्टरों से कहा कि वे स्वास्थ्य मेले में आए प्रत्येक मरीज़ का पूरी संवेदना के साथ उपचार करें, यदि किसी को फ़ॉलोअप में उपचार की ज़रूरत होती है, तो उसका कार्ड बनाकर दें। आवश्यकतानुसार उनका उपचार अरविंदो हॉस्पिटल में नि:शुल्क कराया जाएगा।   

कलेक्टर इंदौर श्री मनीष सिंह ने कहा कि साँवेर के स्वास्थ्य मेले के लिए सभी जन-प्रतिनिधियों ने मंत्री श्री सिलावट की अगुवाई में मेहनत की है। आस-पास के गाँवों से मरीज़ यहाँ पर उपचार के लिए आए हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रत्येक नागरिक का एक आभा कार्ड बनाकर दिया जाएगा। सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पताल एक पोर्टल के माध्यम से जुड़ेंगे। हर एक नागरिक का हेल्थ पहचान-पत्र बनेगा, जो समय पर उपचार में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बनकर काम आएगा।