Type Here to Get Search Results !

हॉकी इंडिया सीनियर वीमेंस नेशनल चैंपियनशिप, कोच ने सिर्फ 20 दिन की कोचिंग में दिला दिया ओडिशा को पहला खिताब

भोपाल। भोपाल में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर वीमेंस नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल में ओडिशा ने कर्नाटक को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। ओडिशा और कर्नाटक दोनों ही टीमें पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। बड़ी बात ये है कि ओडिशा के कोच एडगर मास्करेनहास ने टूर्नामेंट से 20 दिन पहले ही कोच के रूप में टीम से जुड़े थे।मंगलवार शाम खेले गए ओडिशा-कर्नाटक फाइनल मुकाबले की शुरुआत धीमी रही और हाफटाइम तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। हालांकि, इस दौरान दोनों टीमों ने गोल करने के मौके तो बनाए पर दोनों ही फाइनलिस्ट टीमों का डिफेंस काफी मजबूत नजर आया।

मैच के तीसरे क्वार्टर में ओडिशा की अनुभवी खिलाड़ी पूनम बरला ने कर्नाटक के गोलकीपर को छकाते हुए 34वें मिनट में गोल दाग दिया। तीसरे क्वार्टर में गोल खाने के बाद कर्नाटक की टीम अंत तक ओडिशा से बराबरी करने में नाकाम रही। मैच के आखिरी क्षण 59वें मिनट में ओडिशा की आशिम कंचन बरला ने दबाव में चल रही कर्नाटक की टीम पर एक और गोल दागकर उनकी उम्मीदों को पूरी तरह धराशाई कर दिया।

ओडिशा की जीत के बाद टीम के कोच एडगर मास्करेनहास ने कहा- हमनें कर्नाटक की टीम को हल्के में नहीं लिया। भले ही हमनें कुछ मौके गंवाए पर अधिकतर समय तक गेंद हमारे पजेशन में रही और यही हमारा गेम प्लान भी था। तीसरे क्वार्टर में गोल कर हमारी टीम ने उन्हें दबाव में ला दिया और यहीं से खेल हमारे पक्ष में झुक गया। एडगर ने अपनी टीम की जीत में सीनियर प्लेयर्स सुनीता लाकड़ा, लिलीमा मिंज और पूनम बरला का अहम योगदान बताया। ये तीनों ही प्लेयर्स इंडिया के लिए हॉकी खेल चुकी हैं। एडगर ने कहा- सीनियर प्लेयर्स ने टीम को जिस तरह से बांधे रखा वो तारीफ करने लायक है।