नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए दिल्ली में ट्रायल चल रहे हैं। इस दौरान एक बड़ा विवाद हो गया है। रेसलर सतेंदर मलिक 125 किलोग्राम वर्ग के लिए मंगलवार को अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे, वो मैच हार गए और फैसला उनके खिलाफ गया। इसके बाद उन्होंने एक सीनियर रेफरी जगबीर सिंह के साथ जमकर मारपीट की, इसके बाद कुश्ती फेडरेशन ने तुरंत एक्शन लेते हुए उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। जगबीर को सतेंदर ने गाली दी और थप्पड़ भी जड़ दिया, वो वहीं जमीन पर गिर गए।
सेना के पहलवान सतेंदर का मुकाबला वायुसेना के पहलवान से था। मुकाबला खत्म होने से 18 सेकंड पहले सतेंदर 3-0 से आगे थे, लेकिन वायुसेना के मोहित ने उन्हें टेक-डाउन किया और मैट से बाहर धकेल दिया।
मैच के रेफरी विरेन्द्र मलिक ने मोहित को टेक डाउन के दो अंक नहीं दिए और तभी इस पहलवान ने फैसले को चुनौती दी। इस बाउट के जूरी सत्यदेव मलिक थे और उन्होंने निष्पक्षता का हवाला देते हुए खुद को इस निर्णय से अलग कर दिया, क्योंकि सत्यदेव और सतेंदर एक हीं गांव से आते हैं। इसके बाद फैसला जगबीर सिंह के पास गया।
उन्होंने टीवी रिप्ले की मदद से मोहित को तीन अंक देने का फैसला सुनाया। इसके बाद स्कोर 3-3 हो गया और आखिर तक बरकरार रहा। मैच का अंतिम अंक हासिल करने पर मोहित को विजेता घोषित किया गया। इस फैसले के कारण सतेंदर ने जगबीर पर हमला कर दिया।
सतेंदर 57 किग्रा के मुकाबले के मैट गए जहां रवि दहिया और अमन के बीच फाइनल मैच हो रहा था वहीं, जगबीर भी थे और वह उनके साथ मारपीट करने लगे।
