Type Here to Get Search Results !

65 ग्राम पंचायतों में 448 सरपंच पद की दौड़ में

जनपद पंचायत अध्यक्ष अनारक्षित महिला का होने से 40 महिलाएं दौड़ में , पंच पद में नहीं दिखाई रुचि "  

बेगमगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार संभावित प्रत्याशियों के बीच में भारी होड़ देखी जा रही है । चुनावी रस्साकशी के बीच प्रत्याशियों ने अपने अपने स्तर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है 10 जून को फॉर्म निकलने के बाद सारी स्थिति स्पष्ट होगी कि कौन किसके मुकाबले में है।

रिटर्निंग ऑफिसर एनएस परमार ने बताया कि फिलहाल तहसील की 65 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 448 प्रत्याशियों द्वारा नामनिर्देशन फार्म जमा किए गए हैं । सरपंच पद के आवेदनों में से एक आवेदन उम्मीदवार की आयु कम होने के कारण निरस्त हो गया । शेष सभी आवेदन सही पाए गए । 

जनपद सदस्य 18 वार्डों के लिए 113 प्रत्याशी ने आवेदन जमा किए हैं और पंच पद के 1031 वार्डों  में मात्र 765 आवेदन आए हैं जबकि 266 वार्ड रिक्त रह गए । इस बार पंच पद के लिए लोगों में रुचि कम देखी गई ।

जनपद पंचायत के  18 जनपद सदस्यों में अनारक्षित  9 ,  अन्य पिछड़ा वर्ग के  3  , अनुसूचित जाति 4 एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 2  वार्ड आरक्षित है । जनपद के 18 वार्डों में सबसे ज्यादा 10 पद महिलाओं के लिए आरक्षित है।

इसी तरह 65 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए  अनारक्षित 33 , अन्य पिछड़ा वर्ग 11 , अनुसूचित जाति 13 एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 8 ग्राम पंचायतें आरक्षित है ।

इनमें से 34 पंचायतें महिला वर्ग के लिए है ।

पंचों के 1031 वार्डों में अनारक्षित 533 , अन्य पिछड़ा वर्ग 187 , अनुसूचित जाति 200 एवं अनुसूचित जनजाति 111 के लिए आरक्षित है ।

पंचों में महिला के लिए 571 वार्ड आरक्षित हैं ।

अभ्यर्थियों द्वारा नामनिर्देशन फॉर्म वापस लिए जाने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी कि कौन-कौन चुनाव मैदान में रखा हुआ है ।

जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित होने के कारण अनारक्षित 4 महिला वार्डो में इस बार सबसे ज्यादा अध्यक्ष पद के दावेदार महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में है । जिनमें  जनपद पंचायत की तत्कालीन अध्यक्ष श्रीमती कृष्णकांता साहब सिंह पटेल भी शामिल है ।