मुंबई। पॉपुलर उड़िया एक्ट्रेस रश्मिरेखा ओझा के कुछ दिनों पहले आत्महत्या करने के बाद अब उनके बॉयफ्रेंड संतोष पात्रा ने भी सुसाइड कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार (6 जुलाई) को ओड़िशा के राउरकेला की बसंती कॉलोनी स्थित अपने घर में संतोष पात्रा का शव फंदे से लटकता पाया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, संतोष पात्रा से उनकी गर्लफ्रेंड रश्मिरेखा ओझा की मौत के संबंध में पुलिस आयुक्त द्वारा पूछताछ की गई थी और माना जा रहा है कि उसने कल देर रात आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रह है कि संतोष को जैसे ही कमरे में लटका देखा गया, तो उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। लेकिन बाद में डॉक्टर ने संतोष को मृत घोषित कर दिया था। इस घटना की सूचना मिलने के बाद उदितनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया और मामले की जांच में जुटी है।
इस बीच संतोष की मां ने कहा कि उसका बेटा अपनी गर्लफ्रेंड रश्मिरेखा की मौत के बाद से डिप्रेशन और मानसिक रूप से परेशान था। इसलिए उसने यह गंभीर कदम उठाया। उसकी मां ने आगे बताया, "वो कई बार आत्महत्या करने की कोशिश कर चुका था। किसी तरह, हम दिलासा देकर उसे जिंदा रख रहे थे। हालांकि, उसने पुलिस स्टेशन से लौटने के बाद रश्मिरेखा की मौत के बारे में बहुत ज्यादा सोचना शुरू कर दिया था और अंत में उसने यह कठोर कदम उठाया।"
