मुंबई। अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग फिल्म राम सेतु को लेकर सुब्रमण्यम स्वामी के निशाने पर हैं। स्वामी ने अक्षय को लीगल को नोटिस भेजा है। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। स्वामी ने कहा कि 'मुंबई के सिनेमा या फिर (सिन-ए-मावालों) को गलत तरीके से चीजें दिखाने की आदत है। इसीलिए मैंने अपने वकील सत्य सभरवाल के जरिए इनको इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स की जानकारी के अक्षय कुमार (भाटिया) और 8 लोगों को नोटिस भेजा है।' दरअसल, स्वामी का आरोप है कि अक्षय की फिल्म में राम सेतु को लेकर गलत तथ्य दिखाए जा रहे हैं।
इससे पहले पिछले महीने उन्होंने दो ट्वीट करके फिल्म के मेकर्स और अक्षय कुमार पर केस करने की बात कही थी। स्वामी ने कहा है कि अगर अक्षय कुमार विदेशी नागरिक हैं तो हम उनकी गिरफ्तारी और उन्हें देश से बेदखल करने के लिए कह सकते हैं। भाजपा नेता स्वामी ने दूसरे ट्वीट में लिखा था, 'मैं अक्षय कुमार और उनकी कर्मा मीडिया के खिलाफ केस दर्ज करवाने वाला हूं। उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म राम सेतु को गलत तरीके से पेश किया है। उनकी इस फिल्म से राम सेतु की छवि को नुकसान पहुंचा है। मेरे वकील सत्य सभरवाल केस का ड्राफ्ट फाइनल कर चुके हैं।'