Type Here to Get Search Results !

सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन मुंबई को छोड़ेंगे, घरेलू क्रिकेट में अर्जुन गोवा से खेलेंगे

मुंबई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन मुंबई की टीम छोड़ने जा रहे हैं। मीडिया रिपोट्स की मानें तो वह अगले सीजन में गोवा की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं। बाएं हाथ का यह ऑलराउंडर IPL में मुंबई इंडियंस का हिस्सा था। वहां भी उनको डेब्यू करने का मौका नहीं मिला।

अर्जुन 2020-21 में मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा और पुदुचेरी के खिलाफ दो मैच खेले थे। उन्होंने मुंबई क्रिकेट संघ से NCO देने के लिए आवेदन कर दिया है। एसआरटी स्पोर्ट्स मैनेजमेंट ने बयान में कहा, 'अर्जुन के लिए अपने करियर के इस मुकाम पर मैदान पर अधिक से अधिक समय बिताना अहम है। हमारा मानना है की दूसरी जगह से खेलने पर अर्जुन को अधिक मैच खेलने का मौका मिलेगा। वह अपने क्रिकेट करियर के एक नए चरण की शुरुआत करेंगे।'

अर्जुन तेंदुलकर ने तीन सीजन पहले श्रीलंका के खिलाफ भारत अंडर-19 के लिए दो मुकाबले खेले थे। उस समय वह मुंबई की लिमिटेड ओवरों की संभावित टीम में भी शामिल थे। अर्जुन के लिए सबसे बड़ी निराशा यह रही उन्हें खुद को साबित करने का मौका मिले बिना इस सीजन में मुंबई की टीम से बाहर कर दिया गया। गोवा क्रिकेट संघ के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि राज्य के संभावित खिलाड़ियों में अर्जुन तेंदुलकर को शामिल किया जा सकता है।