नाप तौल विभाग ने दो गैस एजेंसियों की औचक जांच की
भोपाल। घरेलू गैस सिलेंडरों में कम गैस की शिकायत पर नाप तौल विभाग की टीम ने शनिवार को दो गैस एजेंसियों के डिलीवरी करने जा रहे चार ट्रकों को बीच रास्ते में रोककर जांच की। इसमें सिलेंडरों में तो गैस कम नहीं मिली, लेकिन चारों ट्रकों में सिलेंडर तौलने वाले कांटे खराब मिले, जिनको जब्त कर लिया गया।
दरअसल नाप तौल विभाग की टीम ने शनिवार सुबह बाग मुगालिया रोड़ पर गैस सिलेंडरों की डिलीवरी करने जा रहे दो ट्रकों को पकड़ा। इनमें से एक शिवा गैस एजेंसी नारायण नगर और दूसरो अभिषेक गैस एजेंसी मिसरोद का था। दोंनों ट्रकों की जांच में सिलेंडरों में गैस सही मात्रा में मिली, लेकिन दोनों ट्रकों में रखे तौलकांटे जंग खा रहे थे, जिनका सत्यापन नहीं कराया गया था। इन कांटों से होने वाली तौल गलत होगी। ऐसे में दोनों कांटे जब्त किए गए। नाप तौल विभाग की टीम में उप नियंत्रक राजेश पिल्लई, निरीक्षक हरी प्रसाद पटेल, विजय खातरकर के साथ ही सहायक आपूर्ति अधिकारी संतोष उइके थे।
इस टीम ने बाद में शिवा और अभिषेक एजेंसी पर भी जांच की, जहां सिलेंडर भरने के बाद रवाना हो रहे ट्रक को रोका गया। इसमें भी सिलेंडर में गैस सही मिली, लेकिन तौलकांटों का वार्षिक सत्यापन नहीं होने से जब्त करके केस बनाया गया।
कर्मचारियों ने की थी शिकायत
सिलेंडरों में 4 किलो तक गैस कम होने और बिना नाप किए ही डिलीवरी करने का आरोप लगाते हुए मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश कटियार, सचिव उमाशंकर तिवारी, जिलाध्यक्ष विजय सिंह रघुवंशी और उपाध्यक्ष मोहन अय्यर ने शिकायत की थी। इनके अलावा कुछ अन्य कस्टमर की शिकायतें मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई, जोकि आगे भी जारी रहेगी।
तौलकर सिलेंडर देना चाहिए
सिलेंडर डिलीवरी वाहन में तौलकांट होना ही चाहिए, ताकि ग्राहक के कहने पर तौलकर सिलेंडर की डिलेवरी हो सके। औचक जांच में चारों ट्रकों में मिले तौलकांटें सही हालत में नहीं थे और उनका वार्षिक सत्यापन भी नहीं कराया गया था। इस पर चारों तौलकांटे जब्त करके केस बनाया गया है।
हरीप्रसाद पटेल, निरीक्षक, नाप तौल विभाग

