Type Here to Get Search Results !

आत्महत्या रोकथाम रणनीति को लेकर मंत्री सारंग ने बनाई टास्क फोर्स

भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि आत्महत्या रोकथाम रणनीति को लेकर इस बात पर जोर दिया गया कि इस रणनीति को तैयार करने के साथ आत्महत्या के रोकथाम को जन-आंदोलन के रूप में आगे ले जाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें सामाजिक संगठनों, शिक्षा संस्थानों, विश्वविद्यालयों, संगठित-असंगठित क्षेत्र तथा उद्योग क्षेत्रों के प्रमुखों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।

मंत्री श्री सारंग ने उच्च स्तरीय बैठक के साथ मीडिया को बताया कि जल्द ही मध्यप्रदेश का चिकित्सा शिक्षा विभाग आत्महत्या रोकथाम की रणनीति तैयार करेगा। इसको लेकर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एक उच्च स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। श्री सारंग ने कहा कि निश्चित रूप से पूरी दुनिया के सामने आत्महत्या की रोकथाम करना एक बड़ी चुनौती है। वर्तमान में समाज के विभिन्न वर्गों में आत्महत्या के प्रकरण बहुत तीव्र गति से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक समस्या को लेकर बहस छिड़ी हुई है, जिसको लेकर समाज के हर वर्ग को ध्यान में रख कर कार्य करना जरूरी है।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि आत्महत्या रोकथाम रणनीति का एक विस्तृत डॉक्यूमेंट तैयार करने में इस समस्या के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा, जो सामाजिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए आगे आने वाले समय में इसकी रोकथाम के लिए मील का पत्थर साबित होगा। आत्महत्या रोकथाम रणनीति बनाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनने जा रहा है।