मुंबई। ड्रग्स केस में एक बार फिर कॉमेडियन भारती और उनके पति हर्ष की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। हाल ही केस में नया अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार NCB ने भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के खिलाफ 200 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। जिसके बाद अब यह मामला कोर्ट में हल किया जाएगा। NCB की इस चार्जशीट के सामने आने के बाद अब भारती और हर्ष की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
दरअसल दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की अचानक मौत के बाद से ही NCB ने बॉलीवुड सेलेब्स पर सिकंजा कसा है। 2020 में हुई इस जांच के दौरान कई स्टार्स के नाम भी सामने आए थे। उनमें कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष का नाम भी शामिल था। NCB ने कॉमेडियन के घर और ऑफिस में छापेमारी की थी, इस दौरान टीम को ऑफिस से ड्रग्स बरामद हुए थे, जिसके बाद भारती और उनके पति को ज्यूडिशियल कस्टडी में रखा गया था। हालांकि, सिक्योरिटी मनी जमा करने के बाद मजिस्ट्रेट कोर्ट से दोनों को जमानत मिल गई थी। लेकिन एक बार फिर चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
भारती सिंह स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्ट्रेस हैं। वे द कपिल शर्मा शो में नजर आती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडियन लाफ्टर चैलेंज से की थी। इसके बाद उन्होंने कई कॉमेडी शो में काम किया किया, जिनमें कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी सर्कस महा संग्राम, कॉमेडी सर्कस का जादू, कहानी कॉमेडी सर्कस की और कॉमेडी नाइट्स बचाओ जैसे शो शामिल हैं। भारती ने 2017 में राइटर हर्ष लिंबाचिया से शादी की।
