सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, बाइक सवार संदेहियों की तलाश में जुटी पुलिस
भोपाल। निशातपुरा स्थित करोंद गल्ला मंडी में दुकान के सामने खड़ी एक व्यवसायी की स्कूटर की डिग्गी से 10 लाख रुपए चोर ले उडे। घटना से कुछ समय पहले ही व्यवयासी ने बैंक से रुपये निकालकर डिग्गी में रखे थे। वह गाड़ी खड़ी कर दुकान के भीतर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाकर खड़े बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस हुलिए के आधार पर बाइक सवार दो संदेहियों की तलाश में जुट गई है। इस व्यापारी का पूर्व में कालाबाजारी के आरोप में मंडी लाइसेंस कैंसिल हो चुका है।
थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने बताया कि बुधवारा निवासी अयाज अली (50) गल्ला व्यवसायी हैं, जिसकी करोंद गल्ला मंडी में विक्की ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। शुक्रवार को अयाज ने डीआईजी बंगला स्थित बैंक से 10 लाख रुपये पांच सौ रुपये की बीस गड्डियों में निकालकर एक बैग में भरकर स्कूटर की डिग्गी में रख दिया। शाम करीब चार बजे दुकान के सामने स्कूटर खड़ी की और चाबी उसी में लगी छोड़ दी। फोन पर बात करते हुए दुकान के भीतर चले गए। कुछ देर बाद बाहर निकले तो डिग्गी में रखा नोटों से भरा बैग गायब था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
पुलिस जब मंडी में लगे सीसीटीवी खंगाले तो वारदात कैमरे में कैद हो चुकी थी। दुकान के सामने खड़ी स्कूटर के पास सड़की दूसरी तरफ खड़ा टोपी पहना एक युवक पहुंचा। उसने चाबी घुमाकर सीट उठाई और नोटों से भरा बैग निकालकर तेजी से आगे बढ़ गया। इसी बीच कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा बाइक सवार साथी पहुंचा, जिसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर भाग निकले। बाइक चालक हेलमेट पहने हुआ था। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कैंसिल हो चुका है लाइसेंस
विक्की टेडर्स पर तत्कालीन जिला आपूर्ति अधिकारी ज्योति शाह नरवरिया की अगुवाई में छापा मारा गया था, जिसमें दो-तीन ट्रक पीडीएस का गेहूं और चावल बरामद हुआ था। तब मंडी प्रशासन ने उसका लाइसेंस कैंसिल कर दिया था। हालांकि बाद में मंडी बोर्ड से संदिग्ध कारणों से लाइसेंस बहाल हो गया।

