मुंबई। अजय देवगन स्टारर दृश्यम 2 ने संडे यानी अपने रिलीज के तीसरे दिन जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 27.17 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 15.38 करोड़ जबकि दूसरे दिन 21.59 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस तरह फिल्म का टोटल कलेक्शन अब 64.14 करोड़ हो गया है। करीब 60 करोड़ में बनी इस फिल्म ने तीन ही दिनों में अपना पूरा बजट निकाल लिया है। अब ये अनुमान लगाया जा सकता है कि पहले हफ्ते में फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फिल्म का तीन दिनों का कलेक्शन शेयर करते हुए लिखा- "दृश्यम 2 ने अपना वीकेंड शानदार कलेक्शन के साथ खत्म किया है। तीसरे दिन फिल्म ने कहर बरपा दिया है। फिल्म के कलेक्शन से एक नई आशा और उम्मीद पैदा हो गई है। पहले सप्ताह में फिल्म का टारगेट 100 करोड़ होगा। शुक्रवार 15.38 करोड़, शनिवार 21.59 करोड़, रविवार 27.17 करोड़। कुल- 64.14 करोड़।"