भोपाल। स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में भारत स्काउटस एवं गाइड्स मध्यप्रदेश राज्य परिषद की बैठक हुई। बैठक में एजेंडे के विभिन्न बिंदुओं एवं प्रस्तावों पर चर्चा हुई। श्री परमार ने स्काउट्स एवं गाइड्स के सभी डॉक्यूमेंट, रूपरेखा, कार्यक्रम, बैठक एवं अन्य गतिविधियों को हिंदी भाषा में संपादित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत स्काउटस एवं गाइड्स मध्यप्रदेश संगठन, शासन आधारित संगठन होने के बजाय आत्म-निर्भर संगठन की भांति स्थापित हो सके, इस दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है। संगठन के आर्थिक पक्ष को मजबूत करने पर भी विचार मंथन किया गया।
राज्य सचिव श्री राजेश प्रसाद मिश्रा ने राज्य परिषद की बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विगत राज्य कार्यकारिणी बैठक में पारित किए गए प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। विगत वर्ष के वार्षिक प्रतिवेदन का और संगठन के बजट का भी अनुमोदन किया गया। सत्र 2022-23 के वार्षिक कार्यक्रम एवं वार्षिक योजना का अनुमोदन किया गया। इसमें विद्यालय से लेकर राज्य स्तर के आयोजनों का कैलेंडर जारी किया जाएगा।
राज्य मुख्य आयुक्त श्री पारस चंद्र जैन, राज्य कोषाध्यक्ष श्री रमेशचंद्र शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष श्री अजय मिश्रा, राज्य आयुक्त (कब) श्री डी.एस. राघव, राज्य आयुक्त (रोवर) श्री राजीव जैन सहित स्काउटस एवं गाइड्स के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं अधिकारी वर्चुअली जुड़े।