मुंबई। 15 जनवरी को नेपाल में एक प्लेन क्रैश हुआ। इस हादसे में पायलट समेत 68 लोगों की जान चली गई। सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियोज हर रोज सामने आ रहे हैं, जो दिल दहला देने वाले हैं। इस तरह का हादसा नेपाल में पहली बार नहीं हुआ, इससे पहले साल 2012 में भी नेपाल में ठीक ऐसा ही हादसा हुआ था। उस हादसे में रसना गर्ल और पा फेम चाइल्ड एक्ट्रेस तरुणी सचदेव की मौत हो गई थी। वो अपनी मां गीता सचदेव के साथ सफर कर रहीं थीं। 11 साल बाद हुए इस हादसे ने तरुणी के पिता हरीश सचदेव का जख्म एक बार फिर ताजा कर दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान तरुणी के पिता ने बेटी को खोने का दर्द साझा किया है।
इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान तरुणी के पिता ने कहा- 'मैंने जब प्लेन क्रैश की खबर सुनी, तो मुझे बहुत गुस्सा आया। ये लोग अभी भी अलर्ट नहीं हो रहे हैं। पता नहीं कितने लोगों की जान गई है, अभी ये कितनी जानें और लेना चाहते हैं। इनके प्लेन्स ही काफी पुराने हैं। फायदे के लिए ये लोग किसी की जान की परवाह भी नहीं करते हैं। इस लापरवाही की वजह से ही मेरी बेटी और बीवी मुझसे दूर हो गईं। आज भी इस तरह के हादसे की खबर सुनकर मैं सहम जाता हूं।'
हरीश आगे कहते हैं- 'मैं उन परिवार वालों के दुख को महसूस कर सकता हूं, जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खो दिया है। भगवान उन्हें इस दुख से उबरने की शक्ति दे।
