मुंबई। टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। पीठ में इंजरी के चलते वे वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह BCCI ने मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार को टीम में चुना है। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को पहला वनडे बुधवार को हैदराबाद में खेलना है।
श्रेयस अय्यर पिछले दिनों श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे। सीरीज के 3 वनडे में उन्होंने 31.33 की औसत से 94 रन बनाए थे। चोटिल अय्यर इलाज कराने और फिटनेस वापस पाने के लिए बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) पहुंच चुके हैं। NCA में भारत के घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेटर्स की हेल्थ और फिटनेस का ध्यान रखा जाता है।
