- समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर किया नमन, उनके संघर्ष और साहस को किया याद
पन्ना। समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी की पुण्यतिथि पर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जयराम यादव ने कहा कि आजाद भारत में फूलन देवी ने जितना अपमान, अत्याचार और पीड़ा झेली, वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद फूलन देवी ने साहस नहीं खोया और संघर्ष के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई। समाजवादी पार्टी ने उन्हें सम्मान देते हुए लोकसभा तक पहुंचाया और उनकी आवाज को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया। फूलन देवी का जीवन महिलाओं और वंचित वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर अमित रैकवार ने कहा कि फूलन देवी का जीवन अदम्य साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना किया और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और महिलाओं को उनके जीवन से यह सीख लेनी चाहिए कि दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस के बल पर कठिन से कठिन परिस्थितियों पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं, महिलाओं तथा समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पुष्प अर्पित कर पूर्व सांसद फूलन देवी को श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किए।