नागपुर। महाराष्ट्र के 13 साल के बल्लेबाज यश चावडे ने इतिहास रच दिया है। यश ने मुंबई इंडियंस जूनियर स्कूल टूर्नामेंट में 508 रन की नाबाद पारी खेली। नागपुर में शुक्रवार को खेले गए 40-40 ओवर के इस मैच में यश की टीम सरस्वती विद्यालय ने बिना विकेट खोए 714 रन बना दिए।
जवाब में प्रतिद्वंद्वी सिद्धेश्वर विद्यालय की टीम 5 ओवर में 9 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इस तरह सरस्वती विद्यालय ने 705 रन से मैच जीत लिया।
यश ने अपनी पारी में 178 गेंदों का सामना किया और 81 चौके और 18 छक्के जमाए। यश किसी भी इंटर स्कूल लिमिटेड ओवर क्रिकेट मैच में 500 रन या इससे ज्यादा की पारी खेलने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इस कैटेगरी में सबसे बड़ी पारी खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के चिरथ सेलेपेरुमा के नाम है। चिरथ ने 2022 में श्रीलंका में हुए एक अंडर-15 मैच में 553 रन की पारी खेली थी।
