मुंबई। तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी शहर के प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचे। इनमें टॉप ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर, सूर्य कुमार यादव, बॉलर युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर शामिल थे। इनके साथ बॉलिंग कोच पारस म्हाबरे भी मंदिर पहुंचे।
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में खड़े होकर फोटो खिंचवाते टीम इंडिया के खिलाड़ियों का फोटो वायरल हुआ। फोटो में मंदिर के पुजारियों समेत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। वहीं, विराट कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ बीच पर ब्रेकफास्ट करने का एक फोटो शेयर किया है। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के दो मुकाबले जीतकर भारत सीरीज में 2-0 से आगे है। तीसरा वनडे रविवार को दोपहर 01:30 बजे से खेला जाएगा।
