Type Here to Get Search Results !

दूसरों की जय से पहले खुद की जय करें : न्यायाधीश शाक्य

बेगमगंज। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश केएस शाक्य ने अपनी पदोन्नति जबलपुर के कुटुंब  न्यायालय में होने पर अभिभाषक संघ द्वारा दिए गए विदाई एवं सम्मान समारोह के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि न्यायधीश एवं वकील एक गाड़ी के दो पहिए हैं , जिनके तालमेल से बेहतर समन्वय बनता है और न्यायलीन कार्य सुचारू रूप से चलते हैं । हम मंथन करें कि दूसरे की जय से पहले खुद की जय करें, तभी जीवन सार्थक और संभव हो सकेगा । जीवन में तालमेल होना जरूरी है । चाहे वह घर में हो , समाज में हो या फिर अपने कार्यस्थल पर हो यदि तालमेल बिगड़ेगा तो विरोध पैदा होगा लेकिन हमने कभी जिंदगी में पदस्थापना से लेकर अब तक कहीं भी विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होने दी । बेगमगंज का बार बहुत अच्छा है सभी वकील न्यायालय के साथ समन्वय से काम करते हैं।

स्थानांतरित न्यायाधीश का स्वागत करते हुए

उन्होंने कहाकि बीच-बीच में नौकरी छोड़ने का ख्याल आया लेकिन साथी न्यायाधीशों ने हौसला अफजाई करते हुए उसे टालने में विशेष भूमिका अदा की। अब जबकि रिटायरमेंट को चंद महीने बचे हैं, वह भी अच्छे से कट जाएंगे।

प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश विवेक शिवहरे ने उनकी कार्यप्रणाली ओर उनके अच्छे व्यवहार और मिलनसारता की प्रशंसा करते हुए कहाकि  जबलपुर में वह कुटुंब न्यायालय में जा रहे हैं ,जहां पर उनका प्रयास परिवार को जुड़वाए रखने का होना चाहिए ताकि किसी के दांपत्य जीवन में बिखराव ना आए। उनकी कार्यप्रणाली ओर मिलनसारिता की भी प्रशंसा की ।

वही अपर सत्र न्यायाधीश राजकुमार वर्मा ने गद्य एवं पध के माध्यम से उनकी मिलनसारता एवं कार्यकारिणी की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी मो. असलम देहलवी एवं द्वितीय श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी सृष्टि पटेल ने भी अपर सत्र न्यायधीश श्री शाक्य के जीवन एवं उनकी वर्किंग पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में भी इसी तरह सुखद जीवन व्यतीत करने की कामना की ।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ अधिवक्ता मो. मतीन सिद्दीकी ,चांद मियां एडवोकेट , इंदर सिंह बुंदेला ओपी दुबे ने भी अपने- अपने विचार रखते हुए उनके व्यवहार एवं न्याय प्रियता के साथ अधिवक्ताओं से बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए एक बेहतरीन न्यायाधीश निरूपित किया। अपर लोक अभियोजक बद्री विशाल गुप्ता द्वारा  पुष्पगुच्छ के साथ श्रीराम दरबार की प्रतिमा देकर सम्मान किया । जबकि अभिभाषक संघ एवं अन्य अधिवक्ताओं के द्वारा पुष्पमालाओं से अपर सत्र न्यायाधीश केएस शाक्य का स्वागत करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई ।