मुंबई। मल्टी स्टारर फिल्म कुत्ते बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो चुकी है। डायरेक्टर विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का फर्स्ट डे कलेक्शन सामने आ चुका है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 1.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है, जो कि बेहद निराशाजनक है। अर्जुन कपूर, तब्बू, राधिका मदान और नसीरुद्दीन शाह जैसे एक्टर्स से सजी इस फिल्म से उम्मीद की जा रही थी कि पहले दिन कुत्ते का कलेक्शन तकरीबन 8 से 10 करोड़ का होगा, लेकिन फिल्म ऐसा करने में असफल रही है। जहां एक तरफ रीजनल फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दमदार कलेक्शन कर रही हैं, वहीं पहले दिन इस बॉलीवुड फिल्म के आंकड़े भी मायूस कर देने वाले हैं।
थलपति विजय और रश्मिका मंदाना स्टारर वारीसु लगातार तीसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर बेहतर परफॉर्म कर रही है। फिल्म ने शुक्रवार को इंडिया में करीब 11 करोड़ का कलेक्शन किया है, वहीं तीसरे दिन वर्ल्ड वाइड फिल्म में 15 करोड़ की कमाई की है। केवल तमिलनाडु में ही फिल्म ने 9 करोड़ रुपए कमाए हैं। वहीं कर्नाटक में करीब 80 लाख, केरल में 40 लाख और अन्य राज्यों में 80 लाख का कलेक्शन किया है। जो कुत्ते के ओपनिंग डे कलेक्शन से 8 गुना ज्यादा है।
ओपनिंग डे की बात करें तो वरीसू ने पहले दिन इंडिया में करीब 31.47 करोड़ की कमाई की थी। वहीं सिर्फ तमिलनाडु में ही फिल्म का कलेक्शन 20.15 करोड़ से ज्यादा का था।
