Type Here to Get Search Results !

विंध्य से लिखी जाएगी मप्र में सत्ता परिवर्तन की इबारत-अजयसिंह

भोपाल| मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि इस वर्ष के अंत मे होने वाले विधानसभा चुनाव में मप्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी| इस बार विंध्य की जनता मप्र में सत्ता परिवर्तन की इबारत लिखेगी | अजय सिंह ने विंध्य से बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता के आक्रोश का जो ज्वालामुखी अंदर ही अंदर धधक रहा है वह विधानसभा चुनाव में फूटेगा|

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिलीप मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मकसूद अहमद, विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजाराम त्रिपाठी,पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह, रामलखन पटेल, ऊषा चौधरी, सुधीर सिंह तोमर, अभय सिंह रोली सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला कांग्रेस कमेटी सतना द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन समारोह एवं हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से महंगाई आसमान छू रही है| 

सिंह ने कहा कि लोगों को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है| बेरोजगारी की स्थिति यह है कि काबिल और पढ़े लिखे युवा रोजगार न मिल पाने की वजह से आत्महत्या के लिए विवश हो रहे हैं| अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटकर सरकार बनाने वाली भाजपा ने प्रदेश की जो दुर्दशा की है उससे हर वर्ग त्राहि त्राहि कर रहा है| 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने किसानों के 2 लाख तक कर्जे माफ किये थे लेकिन भाजपा सरकार अब उनसे ब्याज सहित वसूल रही है और कर्ज न चुकाने की स्थिति में किसानों को जेल में ठूंस रही है| अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपनी अंतिम सांसे गिन रही है| उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि हांथ से हांथ जोड़ो कार्यक्रम के माध्यम से जनता से जुड़े और संघर्ष के इस दौर में जनता की आवाज बनें|