मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL) में 23 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले में RCB की टीम ग्रीन जर्सी में मैदान में उतरेगी। RCB फ्रेंचाइजी ने मौजूदा सीजन के लिए अपनी ग्रीन जर्सी जारी कर दी है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर नई जर्सी की एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में पूर्व कप्तान विराट कोहली, मौजूदा कप्तान फाफ डु प्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक दिखाई दे रहे हैं।
RCB की टीम ने ग्रीन जर्सी पहनने का चलन साल 2011 में शुरू किया था। इसके बाद हर साल IPL के मैच में टीम हरी जर्सी पहनती है। टीम के इस जर्सी को पहनने का खास मकसद है। RCB की टीम लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए खास मुहिम चला रही है। इस जर्सी के जरिए RCB लोगों को संदेश देती है कि आस-पास के पेड़ पौधों का ख्याल रखें। उन्हें काटने से बचाएं। कुल मिलाकर आरसीबी की टीम पर्यावरण को बचाने और ग्लोबल वार्मिंग से बचने के लिए ग्रो ग्रीन अभियान को बढ़ावा दे रही है।
