मुंबई। सलमान खान की बहन अर्पिता खान शर्मा के घर से 5 लाख के गहने चोरी हो गए। अर्पिता ने इस मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो चोर उन्हीं के घर का एक शख्स निकला। पुलिस की जांच में पता चला कि चोरी करने वाले शख्स का नाम संदीप हेगड़े है। वो अर्पिता के घर हाउस हेल्प का काम करता है।
संदीप ने 5 लाख की कीमत वाली डायमंड ईयर रिंग (कान के झुमके) चुराई थी। अर्पिता ने अपनी कम्प्लेंट में कहा कि ये चोरी उनके घर से 16 मई की रात हुई। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए उसी रात को संदीप के घर से ईयर रिंग बरामद कर ली। अर्पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वो गहना मेकअप ट्रे में रखा था। खार पुलिस के सीनियर पुलिस ऑफिसर ने इस मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया था। जांच में पता चला कि अर्पिता के घर पिछले 4 महीने से काम करने वाला संदीप 16 मई की रात को गहना चुरा कर फरार हो गया था।
संदीप के अलावा अर्पिता के घर में 11 अन्य हाउसहेल्प काम करते हैं। पुलिस ने उसकी छानबीन की और उसे तुरंत दबोच लिया। हीरे के गहने भी उसी के घर से बरामद हो गए। पुलिस ने उसके खिलाफ IPC की धारा 381(चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।