Type Here to Get Search Results !

विभिन्न मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

बेगमगंज। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका मिनी कार्यकर्ता संयुक्त मंच मध्य प्रदेश द्वारा  मुख्यमंत्री , आयुक्त  एवं प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग के नाम का ज्ञापन विभाग को सौंपकर  आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के मानदेय की विसंगतियों को दूर करने एवं आंगनवाडी कर्मियों को न्यायपूर्ण वेतन दिए जाने की मांग की है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक

ज्ञापन से पूर्व दशहरा मैदान स्थित मंगल भवन में बैठक आयोजित कर उपस्थित सभी के समक्ष  बताया गया है कि वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के लगभग 5 वर्ष बीतने के बाद 11 जून 2023 को  मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय में की गयी वृद्धि के सम्बन्ध में की गयी घोषणा एवं जारी आदेश में मुख्यमंत्री द्वारा अन्य तबके के कर्मियों के लिए वेतन को दोगुना करने की घोषणा की, उसकी अपेक्षा आंगनवाडी कर्मियों के लिए बेहद कम होने के साथ मिनी आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के साथ यह मानदेय वृद्धि बेहद अन्यायपूर्ण है। जारी आदेश में मिनि केन्द्र की कार्यकर्ता के मानदेय में केवल 750 रुपये की वृद्धि की गई है बल्कि सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के बाद भी मानदेय 5750 रु निर्धारित किया गया है। कायदे से पूर्ण कार्यकर्ता के बराबर मानदेय में वृद्धि प्राप्त करने का अधिकार मिनी केन्द्र की कार्यकर्ताओं का भी बनता है, इसलिए मिनी केन्द्र की कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि के सम्बन्ध में की गयी घोषणा को किसी भी हालत में स्वीकार नही किया जा सकता है। वही मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद सेवा निवृत्त हुए हजारों कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को इसका लाभ नही दिया गया। सहायिकाओं के लिए मानदेय वृद्धि की कोई घोषणा नही की गयी। मिनी केन्द्र की कार्यकर्ता को पूर्ण केन्द्र के कार्यकर्ता माने जाने के लिये यूनियन की ओर से लम्बे समय से मांग की जा रही है।

इन विसंगतियों को दूर किए जाने की मांग को लेकर संयुक्त मंच बनाकर कार्यवाही करने का निर्णय लेते हुये 26 जुलाई 2023 को राजधानी भोपाल में संयुक्त सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। जिसको लेकर दशहरा मैदान के मंगल भवन में आयोजित बैठक में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को पहुंचने का आह्वान किया गया है।