मुंबई। राज और DK नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज गंस एंड गुलाब्स का ट्रेलर अनाउंसमेंट वीडियो रिलीज हो चुका है। ये राज और DK की पहली वेब सीरीज है जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। ये सीरीज 18 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
सीरीज में राजकुमार राव, दुलकर सलमान, गुलशन देवैया और आदर्श गौरव लीड रोल में नजर आएंगे। सीरीज का ट्रेलर 2 अगस्त को रिलीज होगा। गंस एंड गुलाब्स एक गैंगस्टर कॉमेडी सीरीज है। ये वीडियो दुलकर सलमान के 37वें बर्थडे के मौके पर रिलीज हुआ है।
एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है- अगर राज और DK की बनाई इस दुनिया को बयां करने के लिए सिर्फ एक ही शब्द हो तो मैं कहूंगा- एंटरटेनमेंट। वीडियो की शुरुआत रेट्रो म्यूजिक से होती है। ट्रेलर अनाउंसमेंट वीडियो में कोल्ड ड्रिंक की टूटी हुई बोतल के साथ गुलाब के फूल भी दिखाई देते हैं। राजकुमार राव भी 90 के दशक के हेयरस्टाइल में नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में गन में भी है। ट्रेलर अनाउंसमेंट वीडियो में एक माइलस्टोन पर लिखा है- गुलाबगंज 6 किलोमीटर।
