Type Here to Get Search Results !

कांग्रेस विधानसभा में हारे बड़े नेताओं को लोकसभा में दे सकती है मौका

भोपाल। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के ज़रिए वापसी की तैयारियों में जुट गई है। उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस अपनी विरोधी पार्टी बीजेपी के उस फॉर्मूले को भी अपना सकती है, जिसमें वरिष्ठ नेताओं को चुनाव लड़ाने का दांव बीजेपी ने चला था।

 कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने हाल ही में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ली थी। इस बैठक में कांग्रेस के सीनियर नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़ाने और विधानसभा चुनाव में हार चुके कुछ नेताओं को लोकसभा का टिकट देने पर चर्चा हुई है. इसके मुताबिक कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया जैसे सीनियर लीडर्स के अलावा तरुण भनोट, कमलेश्वर पटेल, हिना कांवरे जैसे विधानसभा चुनाव हार चुके नेताओं को भी लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा हुई है।

कांग्रेस का मानना है कि सीनियर लीडर्स जिस सीट से लड़ेंगे, वहां कार्यकर्ता एकजुट होगा और बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जा सकेगी. अगर ऐसा होता है तो कमलनाथ को उनके गढ़ छिंदवाड़ा, दिग्विजय सिंह को भोपाल या राजगढ़, कांतिलाल भूरिया को रतलाम, तरुण भनोट को जबलपुर, हीना कांवरे को बालाघाट से लोकसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है. हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने दिग्गज नेताओं को टिकट देते हुए 7 सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाया था, जिनमें से तीन तो केंद्रीय मंत्री थे. सात में से पांच सांसद विधानसभा चुनाव जीत भी गए।