- राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस की अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क पर बड़ी चोट, तीन डिटेन, दो गिरफ्तार
झालावाड़। झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना झालरापाटन एवं जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ (एमडी) निर्माण में प्रयुक्त होने वाला 320.72 किलोग्राम प्रतिबंधित केमिकल 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन जब्त किया गया है। इस दौरान तीन आरोपियों को मौके पर डिटेन किया गया, जबकि केमिकल की डिलेवरी लेने वाले दो मुख्य आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक झालावाड़ अमित कुमार ने बताया कि 3 फरवरी 2026 की रात्रि में झालरापाटन थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान गिन्दौर चौराहा, झालरापाटन पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में सामान की आड़ में रखे गए छह प्लास्टिक ड्रमों में भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल पाया गया।
मौके से तीन आरोपियों को डिटेन किया गया-
- दीपक पुत्र श्यामलाल ब्राह्मण (30) निवासी नरवल, थाना आगर, जिला आगर-मालवा (मप्र)।
- जितेन्द्र सिंह पुत्र कमल सिंह राजपूत (41) निवासी गोदेल मऊ, थाना नलखेड़ा, जिला आगर-मालवा (मप्र)।
- शैलेन्द्र विलाला पुत्र रमेशचंद्र विलाला (26) निवासी गोदेल मऊ, थाना नलखेड़ा, जिला आगर-मालवा (मप्र)।
ड्रग बनाने केमिकल महाराष्ट्र से मंगवाया था
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह केमिकल महाराष्ट्र से ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगवाया गया था और कोटा होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। इसकी डिलीवरी जयनारायण उर्फ मामू, निवासी छावनी, आगर-मालवा (मप्र) को दी जानी थी, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एमडी ड्रग निर्माण में इसका उपयोग करता था।
सुसनेर मध्य प्रदेश से दो तस्करों को हिरासत में लिया
सूचना के आधार पर झालरापाटन पुलिस ने जिला स्पेशल टीम तथा आगर मालवा पुलिस के सहयोग से सुसनेर (जिला आगर-मालवा) में दबिश देकर जयनारायण उर्फ मामू एवं उसके सहयोगी रामलाल को हिरासत में ले लिया।
मप्र के माचलपुर में एमडी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव गोगटपुर में दबिश दी, जहां एमडी मादक पदार्थ बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित होना पाया गया। मौके से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ निर्माण में उपयोग आने वाले उपकरण, केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की गई। संबंधित थाना पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
मप्र की आगर मालवा, सुसनेर, राजगढ़ पुलिस का सहयोग
पूरी कार्रवाई में पुलिस थाना झालरापाटन की टीम, जिला स्पेशल टीम झालावाड़, साइबर टीम के साथ ही मध्यप्रदेश की आगर मालवा, सुसनेर एवं राजगढ़ पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। मध्यप्रदेश पुलिस टीम लगातार साथ में रही और छापामारी से लेकर गिरफ्तारी तक सहयोग किया। साथ ही मध्यप्रदेश पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाने वाली कई महत्वपूर्ण इनपुट भी दिए। साथ ही डीआरआई जयपुर से प्राप्त खुफिया इनपुट इस कार्रवाई की सफलता में निर्णायक साबित हुआ।
नशा नेटवर्क में जुडे अन्य लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस केमिकल की सप्लाई किन-किन राज्यों में की जा रही थी तथा इस नशा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे प्रभावी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।

