- अलसुबह ग्राम कुंडा से बेगमगंज आ रहे किसान की बाइक ग्राम घोघरी के मोड़ पर उछलकर खेत में जा गिरी, घायल किसान की इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत
बेगमगंज। संभवत: यह पहला मामला होगा, जब किसी की खेतों की फेंसिंग के तार से गर्दन कटने पर मौत हुई है। यह वाकया गुरुवार अल सुबह का है, जब ग्राम कुंडा से बेगमगंज आ रहे बाइक सवार ग्रामीण की अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खेत में जा घुसी, जिससे तार फेंसिंग से टकराकर ग्रामीण की गर्दन आधे से ज्यादा कटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम कुंडा निवासी 50 वर्षीय रामगोपाल शर्मा पिता मुरारी लाल शर्मा किसी काम से अपनी बाइक से बेगमगंज आ रहे थे। रास्ते में सुल्तानगंज -बेगमगंज सड़क पर ग्राम घोगरी के मोड़ पर अचानक उनकी तेजरफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घनाग्रस्त होकर उछलकर एक खेत की फेंसिंग में टकरा गई। बाइक सवार रामगोपाल शर्मा की कटीले तारों से टकराकर 80 प्रतिशत गर्दन कट गई। सूचना मिलने पर मौके पर उनके बड़े पुत्र रामजी शर्मा एवं पुलिस पहुंच गई थी, जिन्होंने उन्हें सिविल अस्पताल बेगमगंज लाकर भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच शुरु कर दी है।
मृतक के तीनों बेटे अपने नाना के यहां रहते हैं
मृतक रामगोपाल शर्मा के तीन पुत्र है। उनके ज्येष्ठ पुत्र पंडित रामजी शर्मा ने बताया कि वो मूलत: देवलापुर (सुल्तानगंज) के निवासी हैं और ग्राम कुंडा में अपने नाना के घर पर आकर रहने लगे हैं। हाल निवास कुंडा ही है। उनके पिता बाइक लेकर सुबह घर से बेगमगंज जाने के लिए निकले थे। सुबक करीब 10 बजे उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार सहित वहां पहुंचे।