Type Here to Get Search Results !

पन्ना जिला के सिमरिया में पागल कुत्ते का आतंक: एक ही दिन में 6 मासूमों को शिकार बनाने से फैली दहशत

  • परिवारों ने मासूम बच्चों को घरों में कैद किया, ताकि पागल कुत्ते के हमले से बचा सकें

सिमरिया (पन्ना)। सिमरिया कस्बे में गुरुवार को एक पागल कुत्ते ने कहर बरपा दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि सिमरिया के नागरिकों ने अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया है, ताकि वह पागल कुत्ते से बच सकें।




सिमरिया के रहवासियों के अनुसार इस आवारा कुत्ते ने राह चलते करीब आधा दर्जन बच्चों पर अचानक हमला कर उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। इस पागल कुत्ते के हमले में सबसे ज्यादा चोटें मासूम बच्चों को आई हैं। घायलों में अयान खान (9 वर्ष), ऋषिका वर्मा (6 वर्ष) और प्रिंस वर्मा (12 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने तत्काल जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया है। लोगो का कहना है कि कुत्ता इतना आक्रामक है कि वह सामने आने वाले हर व्यक्ति पर झपट रहा है। घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश और डर है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि खूंखार कुत्ते को तुरंत पकड़ा जाए ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके। फिलहाल, लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।


प्रशासन का वादा-ढूंढकर कुत्ते को मरवा देंगे

इस बारे में एसडीएम समीक्षा जैन ने तत्काल घटनाक्रम की जानकारी लेने और बचाव के लिए इंतजाम करने का भरोसा दिलाया। एसडीएम जैन ने कहा कि घायल बच्चों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल से संपर्क में हैं। वहीं, ग्राम पंचायत सिमरिया के सचिव संतोष पटेल ने साफ कहा कि, रात होने से पागल कुत्ते को ढूंढ़ना मुश्किल है, ऐसे में सारे कर्मचारियों को लगवाकर सुबह होते ही तलाश करेंगे और मिलते ही मरवा देंगे। सचिव पटेल ने कहा कि घायलों की मदद के लिए सरपंच से चर्चा करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.