- सलामतपुर थाने के खोहा गांव का मामला: चाय बनाकर नहीं देने पर देवर ने की भाभी की बेरहमी से हत्या
- पुलिस खबर मिलते ही गांव के आसपास घेराबंदी करके सर्चिंग करके हत्यारे को गिरफ्तार करके जेल भेजा
सलामतपुर (रायसेन)। रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। चाय बनाकर नहीं देने पर देवर ने बेरहमी से पीट-पीटकर भाभी की हत्या कर दी। इस नृशंस वारदात के दौरान मृतका का 8 साल का मासूम बेटा भी वहीं था। हालोंकि इसकी खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करके चंद घंटों में ही आरोपी देवर को धर-दबोचा और कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि खोहा गांव निवासी खेमचंद मालवीय सुबह खेत पर काम करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी पूजा मालवीय (32 साल) अपने 8 साल के बेटे ऋतिक के साथ मौजूद थीं। सुबह करीब साढ़े 9 बजे देवर रामू मालवीय घर पहुंचा और भाभी पूजा मालवीय को चाय बनाने को कहा। पूजा द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर देवर रामू मालवीय ने वहीं पास में रखा डंडा और रोटी बेलने वाली चकोटी उठाकर अपनी भाभी पूजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पूजा चीखती चिल्लाती रही, लेकिन रामू उसको बेरहमी से मारता रहा। मारपीट से गंभीर चोट लगने से पूजा मौके पर ही गिर पड़ीं और उसकी वहीं पर मौत हो गई।
खून सने हत्यारे ने भाई से कहा—भाभी को मार डाला और फरार हो गया
इस जघन्य वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकला। तब तक उसका भाई लौट आया था, ऐसे में उसके बड़े भाई गणेशराम ने उसे खून से सना देखा और पूछताछ की, जिस पर हत्यारे रामू मालवीय ने कहा—मैंने भाभी को मार डाला और वहां से भाग निकला। बाद में मौके पर मौजूद रहे मृतका के 8 साल के बेटे ने अपने पिता को सारी बातें बताई, तब मामले का पता चला।

फरार हत्यारे की तलाश में जुटीं पुलिस की दो टीमें
घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सांची सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित करके तलाश शुरु की। नतीजे में चंद घंटों में ही हत्यारे को पुलिस ने गांव के पास ही धर पकड़ा।
परिवार में पसरा मातम, तो गांव में है दहशत का माहौल
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे खोहा गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामूली विवाद में इस तरह की हत्या ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। मृतका के 8 साल का बेटा सदमाग्रस्त है, जो ज्यादा कुछ बोल नही रहा है।
आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गांव के आसपास घेराबंदी करके दबिश दी, नतीजे में चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसको जेल भेज दिया गया है। मामले की अग्रिम छानबीन जारी है।
-आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक, जिला रायसेन