Type Here to Get Search Results !

बेगमगंज में मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत

  • दशहरा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मंत्रमुग्ध कर दिया, वरिष्ठ जनों का साहू समाज की ओर से किया गया सम्मान

बेगमगंज। भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त एवं साहू समाज की आराध्य देवी भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी जी की जयंती नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।



शोभायात्रा प्रात: लगभग 9 बजे दशहरा मैदान स्थित मां कर्मा देवी मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा पलकमति पुलिया पहुंची, जहां स्थित मां कर्मा देवी की प्रतिमा पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा पुलिस थाना, नया बस स्टैंड, महाराणा प्रताप रोड, गांधी बाजार, गणेश मंदिर, सागरमल की पुलिया होते हुए खिरिया नारायणदास धर्मशाला पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में मां कर्मा देवी की पूजा-अर्चना की।

इसके पश्चात शोभायात्रा पुराना बस स्टैंड, अस्पताल के सामने से होते हुए पुन: दशहरा मैदान स्थित मंदिर पहुंची, जहां समाज एवं नगर के गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भोलेनाथ साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता कमल साहू, हरि साहू, रामगोपाल साहू, राजू साहू, मुकेश साहू, संतोष साहू एडवोकेट, पार्षद महेश साहू, अरविंद साहू, धर्मेश साहू, राधेलाल साहू, संजय साहू, दुर्गेश नगरिया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



जगह-जगह सामाजिक संठनों ने किया शोभा यात्रा का भव्य स्वागत

शोभायात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर समाजों एवं संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सर्वप्रथम ब्राह्मण समाज द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद बस स्टैंड पर लोधी समाज ने स्वागत किया। आगे चलकर सुरेश ताम्रकार द्वारा स्वागत किया गया। पुराना बस स्टैंड पर सीसी ग्रुप द्वारा स्वागत किया गया तथा इसके बाद कुशवाहा समाज ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। अस्पताल के सामने यादव समाज ने स्वागत किया। सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल के निवास पर उनके समर्थकों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके पश्चात पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह के निवास पर भी रामपाल सिंह एवं उनके समर्थकों ने श्रद्धापूर्वक शोभायात्रा का स्वागत किया।                                      

 दशहरा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, किया गया सम्मान

दशहरा मैदान स्थित मां कर्मा देवी मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित विपिन बिहारी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। महाराज जी ने अपने प्रवचन में मां कर्मा देवी के जीवन, उनके भक्ति भाव और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह का भी समाजजनों ने स्वागत किया। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए एकता और सामाजिक उत्थान पर बल दिया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी ने भी समाजजनों से संवाद करते हुए पलकमति पुलिया के सामने नाले के कवर एवं सौंदर्यीकरण तथा दशहरा मैदान स्थित चबूतरे पर छत निर्माण कराने की बात कही।

इसके पश्चात सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल का भी समाज द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने समाजजनों से संवाद करते हुए सभी को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान समाज के बेगमगंज स्थित तीनों मंदिरों पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। शोभायात्रा में बैंड पार्टी और राधा-कृष्ण की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.