- नवरात्र के प्रथम दिवस विशेष पूजा अर्चना के साथ शुरु हुआ महोत्सव, लाखों श्रद्धालुओं का तांता
मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माँ शारदा देवी मंदिर के पट विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खोले गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन करने और पूजा-पाठ के लिए उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज से आए भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। इसके साथ ही 9 दिनों के लिए विशेष साधना में साधक बैठ गए हैं, जिनमें से कई 9 दिन बाद ही भोजन करेंगे।

ज्ञात हो कि करीब 600 फीट ऊंचाई पर त्रिकूट पर्वत पर स्थित इस प्रसिद्ध शक्तिधाम में पहले दिन विशेष पूजा और भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें ूदूर-ूदूर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मान्यता है कि माँ शारदा का यह धाम 51 शक्तिपीठों में से एक है, जहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। मां के दरबार में कई सेलेब्रिटी भी पहुंची, लेकिन पहचान गुप्त रखी।
मैहर शक्ति धाम में नवरात्र के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य और सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं। यहां कर्मचारी चौबीस घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं।

आलम यह है कि नवरात्रि के पहले दिन से ही मैहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया है और आने वाले नौ दिनों तक यहां आस्था का यही रंग बरकरार रहने की संभावना है। दुकानों में पूजा सामग्री के साथ ही फलाहार के लिए हाथठेले लगे हुए हैं। वहीं कई धर्मार्थ संस्थाएं भी माँ के भक्तों के लिए पानी और फलाहार की व्यवस्था में जुटी हैं।