Type Here to Get Search Results !

बंडा में बोर से ज्वलनशील गैस के रिसाव के बाद भड़की आग पर फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

  • सागर जिले के बंडा और आसपास के इलाके में पानी की कमी के चलते होते हैं बोर, लेकिन गैस निकलने की बढ़ रहीं घटनाएं

बंडा। सागर जिले के बंडा में पेयजल के लिए करवाए गए बोर में अचानक ज्वलनशील गैस बाहर निकलने लगी। इसके बाद आग भड़क गई, जिससे ऊंची-ऊंची लपटे निकलने लगीं। नतीजे में आसपास भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि बोर के पास किसी रहवासी या पशुओं के नहीं होने से बडी दुर्घटना टल गई।





बंडा के वार्ड-11 में अनिल जैन ने एक दिन पूर्व करवाया था बोर

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बंडा कस्बा के वार्ड क्रमांक- 11 में विगत दिवस अनिल जैन ने नया बोर करवाया है। इसी नए बोर में शुक्रवार को अचानक पहले तेज आवाजें आने लगीं और फिर उसके बाद ज्वलनशील गैस का तेज रिसाव होने लगा और फिर कुछ देर बाद ही आग भड़क गई। हालांकि घरों से दूर ज्वलनशील गैस के संपर्क में आग कैसे आई तो कोई कुछ बताने को तैयार नही है।
 
                                                  


पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंडा नगर के राधे आश्रम के आगे वार्ड-11 में एक नया निजी बोर बेल कराया गया था। इसमें से शुक्रवार सुबह अचानक गैस रिसाव की तेज आवाज आने लगी। बाद में आग के संपर्क में आने पर आग भड़क गई, जिसकी लपटें दूर से देखी जा सकती थी। इस पर आसपास रहने वालों को सावधान किया गया और पशुओं तक की आवाजाही रोकी गई। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस और सहयोगी टीम सहित फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।

ज्ञात हो कि बंडा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। कई हैंडपंप एवं बोर से ज्वलनशील गैस रिसाव और आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे किसान और बंडावासी बोर करवाने से डरने लगे हैं।