Type Here to Get Search Results !

महू में सीसी रोड के फिजिकल वेरीफिकेशन के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते महिला इंजीनियर रंगे हाथों गिरफ्तार

  • 4 लाख 52 हजार रुपए के रोड निर्माण का वेरीफिकेशन और मेजरमेंट रिकार्ड में दर्ज करने के बदले महू के पास क्यूब रेस्तरां में रिश्वत लेते महिला उपयंत्री को घेराबंदी करके पकड़ा गया

महू (इंदौर)।   कांक्रीट सड़क निर्माण के बाद उसका मौके पर फिजिकल वेरीफिकेशन करके एमबी (मेजरमेंट बुक) में दर्ज करने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत ले रही महिला सब इंजीनियर को लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने रंगे हाथों पकड़ा है। महिला सब इंजीनियर यह रिश्वत इंदौर रोड पर क्यूब ढ़ाबे में लेते पकड़ी गई है।



इस बारे में रमेशचन्द्र चौहान, सचिव, ग्राम पंचायत यशवंत नगर, जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) जिला इंदौर ने लिखित शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक इंदौर कार्यालय में की थी। इसमें 15वें वित्त आयोग मद से मिली राशि से ग्राम पंचायत यशवंत नगर में सीसी रोड का निर्माण 4 लाख 52 हजार रुपए से कराया गया था। इसी रोड का फिजिकल वेरीफिकेशन करके एमबी में दर्ज करने के बदले महिला उपयंत्री श्रीमती सावित्री मुवेल, जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) जिला इंदौर ने 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिश्वत नहीं देने पर गलत मूल्यांकन करके पेमेंट अटकाने की धमकी दी।


शिकायत सही होने पर महिला उपयंत्री को पकड़ने ट्रैप दल बनाया

पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय ने रिश्वत मांगने की शिकायत की जांच करवाई, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए लोकायुक्त ट्रैप टीम गठित की गई। इसमें कार्यवाहक निरीक्षक श्रीमती रेनू अग्रवाल, आशुतोष मिठास, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, श्रीकृष्णा अहिरवार, महिला आरक्षक गायत्री और महिला आरक्षक अर्चना को शामिल किया गया।


क्यूब में रिश्वत लेते महिला सब इंजीनियर को पकड़ गया

महिला सब इंजीनियर सावित्री मुवेल ने रिश्वत देने के लिए पंचायत सचिव को महू के पास हाई-वे पर स्थित क्यूब रेस्तरां (ढ़ाबा) में बुलाया गया। इस पर लोकायुक्त ट्रैप टीम ने आसपास घेराबंदी कर ली। इसके बाद जैसे ही पंचायत सचिव ने महिला सब इंजीनियर को 15 हजार रुपए की रिश्वत दी, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने धर दबोचा। इसके बाद आरोपिया महिला उपयंत्री के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के अंतर्गत कार्यवाही की गई।


भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने लोकायुक्त की अपील

लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की कोई अधिकारी, कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो लोकायुक्त कार्यालय इंदौर एवं दूरभाष पर भी संपर्क कर सकते है।

कार्यालय पुलिस अधीक्षक,

विशेष पुलिस स्थापना,

लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग, इंदौर

पता- मोती बंगला, एमजी रोड, इंदौर-452007

दूरभाष- 0731-2533160 -0731-2430100

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.