- शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेड़िया फलिया गलतार, तहसील भगवानपुरा, खरगोन में अतिथि शिक्षक श्रीमती सेवंती बर्डे का वेतन अटक गया था, तत्कालीन संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा प्रभात परमार्थी और वर्तमान में बीईओ झिरन्या प्रभात परमार्थी ने मांगी थी रिश्वत
खरगोन। अतिथि शिक्षक का अटका हुआ वेतन निकलवाने के बदले 2 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे खरगोन जिले के झिरन्या ब्लॉक के बीईओ (विकासखंड शिक्षा अधिकारी) को लोकायुक्त इंदौर की पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर बीईओ अपने आवास में ही रिश्वत के नोट गिन रहा था, तभी पकड़ा गया।

अतिथि शिक्षक के पति ने की थी रिश्वत मांगने की शिकायत
आवेदक सुभाष बर्डे, निवासी अनकवाडी, पोस्ट बिस्टान, तहसील भगवानपुरा, जिला खरगोन ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। आवेदक के अनुसार उसकी पत्नी सेवंती बर्डे वर्तमान में शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेड़िया फलिया गलतार तहसील भगवानपुरा खरगोन में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्यरत है। सेवंती बर्डे की नवंबर 25 का वेतन अनुमोदन नहीं होना बताकर रोक दिया गया था। वेतन निकलवाने के लिए तत्कालीन संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा प्रभात परमार्थी से आवेदक मिला तो उसने 2 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। आरोपी वहां से दिसंबर 25 में बीईओ (विकासखंड शिक्षा अधिकारी) झिरन्या के पद पर पदस्थ हो चुका है।आवेदक इनको रिश्वत नहीं देना चाहता था और रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।

लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप टीम का गठन करके रवाना किया गया
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय ने रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन करवाया। इसमें शिकायत सही पाये जाने पर 25 अप्रैल 2026 को ट्रैप दल का गठन करके रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए रवाना किया गया। लोकायुक्त ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक रामेश्वर निगवाल, आरक्षक चंद्रमोहन बिष्ट, आरक्षक अनिल परमार, आरक्षक आशीष आर्य आदि को शामिल किया गया।
बीईओ ने खरगोन में अपने घर में ही बेखौफ रिश्वत ली
लोकायुक्त ट्रैप दल ने खरगोन पहुंचकर बीईओ प्रभात परमार्थी के ज्योति नगर स्थित घर की घेराबंदी कर ली। इसके बाद जैसे ही फरियादी सुभाष बर्डे से बीईओ ने रिश्वत के 2 हजार रुपए अपने हाथ में लिए, वैसे ही वैसे ही डीएसपी सुनील तालान की अगुवाई में लोकायुक्त टीम ने उसको धर-दबोचा। इसके बाद आरोपी प्रभात परमार्थी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करके कार्यवाही की गई।
भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग की करें शिकायत
महानिदेशक लोकायुक्त पुलिस योगेश देशमुख के द्वारा भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की कोई अधिकारी, कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो लोकायुक्त कार्यालय इंदौर एवं दूरभाष पर भी संपर्क कर सकते है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना,
लोकायुक्त कार्यालय इंदौर, संभाग इंदौर
पता- मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर-452007
दूरभाष - 0731-2533160
0731-2430100