- NEET UG 2026 परीक्षा हेतु मध्यप्रदेश पुलिस की व्यापक सुरक्षा तैयारी, डीजीपी कैलाश मकवाणा ने दिए निर्देश
- मध्यप्रदेश में 283 परीक्षा केंद्रों पर होगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था, लगभग 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित संचालन को लेकर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय में समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के परिवहन, स्ट्रॉन्ग रूम निगरानी, साइबर मॉनिटरिंग एवं कानून-व्यवस्था संबंधी विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

पुलिस महानिदेशक मकवाणा ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी अत्यंत संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए इसकी प्रत्येक प्रक्रिया त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम एवं परीक्षा कक्षों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। परीक्षा केंद्रों पर आने वाले परीक्षार्थियों की चेकिंग के लिए HHMD/मेटल डिटेक्टर भी पर्याप्त संख्या में रहें और परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
पेपर लाने वाले वाहनों के साथ एस्कार्ट, डैशकैम से होगी निगरानी
मकवाणा ने कहा कि चंबल रेंज सहित संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए। सीमावर्ती जिलों में अन्य राज्यों से संभावित पेपर लीक अथवा संगठित गिरोहों की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन ग्रुप्स एवं डिजिटल माध्यमों पर पेपर लीक, अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए साइबर कमांडो एवं साइबर सेल की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।

बैठक में प्रभारी ए.सी.एस. (गृह) के.सी. गुप्ता तथा सचिव, गृह विभाग श्रीमती कृष्णावेणी देशावातु द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ) डी. श्रीनिवास वर्मा, पीएसओ टू डीजीपी डॉ. विनीत कपूर, एसओ टू डीजीपी मलय जैन, पुलिस अधीक्षक एटीएस प्रणय नागवंशी, एवं एआईजी श्रीमती विनीता मालवीय उपस्थित रहे।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए.साई मनोहर ने कहा कि वर्ष 2024 की घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार सेंटर लेवल सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है। केवल स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रश्नपत्र वितरण के प्रत्येक चरण पर Zero Tolerance नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 283 परीक्षा केंद्रों का सत्यापन, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती तथा CCTV कवरेज अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है।
सिर्फ स्ट्रांगरुम ही नही, बल्कि पेपर वितरण के दौरान भी सख्त निगरानी
30 शहरों में कुल 283 परीक्षा केंद्र, इंदौर में सर्वाधिक 57 एक्जाम सेंटर
उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं हाई-रिस्क केंद्रों की अलग सूची तैयार कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा से 72 घंटे पूर्व कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। Repeat offenders, नकल गिरोह, संदिग्ध कोचिंग नेटवर्क एवं डिजिटल फ्रॉड से जुड़े तत्वों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, गड़बड़ी पर तत्काल होगी एफआईआर
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेपर लीक, प्रतिरूपण, संगठित नकल, सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र प्रसारण, स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा में चूक अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक लापरवाही पर तत्काल FIR दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि जिला प्रशासन, परीक्षा एजेंसी, डाक विभाग एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर NEET UG 2026 परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।
