Type Here to Get Search Results !

सागर जिले के बंडा रेंज आफिस में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रेंजर विकास सेठ और बाबू जयप्रकाश तिवारी पकडे गए

  • सागर जिले के बंडा में निजी जमीन पर खडेÞ पेड़ों को काटने के बाद ट्रांजिट परमिट जारी करने के बदले मांगी गई थी रिश्वत

  • 21 लाख रुपए की लकड़ी के परमिट के लिए 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी और बातचीत के बाद 50 हजार पर सहमत हो गए 


सागर। किसान की निजी जमीन पर खडे पेड़ों को काटने और उनके परिवहन के लिए ट्रांजिट परमिट (टीपी) जारी करने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए बंडा रेंजर और रेंज आफिस के बाबू को लोकायुक्त सागर की पुलिस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 



दरअसल इस संबंध में सागर के मकरोनिया इलाके के ज्योतिनगर निवासी फरियादी किसान विजय सिंह राजपूत ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके निजी खेत में लगे पेड़ों की कटाई और लकड़ी परिवहन के लिए ट्रांजिट परमिट (ळढ) जारी करने के बदले आरोपियों वन परिक्षेत्र अधिकारी बंडा विकास सेठ एवं वन परिक्षेत्र कार्यालय बंडा में पदस्थ बाबू जयप्रकाश तिवारी ने 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। हालांकि बाद में बातचीत करने पर 50 हजार रुपए में तैयार हो गए थे। 


बेखौफ रिश्वतखोरों ने घूस देने रेंज आफिस में ही बुलाया

शिकायतकर्ता किसान के अनुसार, करीब 21 लाख रुपये की लकड़ी की अनुमति यानि ट्रांजिट परमिट देने के बदले आरोपियों ने पहले 1 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद किसान ने राशि ज्यादा बताई तो सौदेबाजी के बाद 50 हजार रुपये में मामला सेटल हो गया। इस शिकायत का सत्यापन लोकायुक्त एसपी ने कराया, जिसमें शिकायत सही निकली। इसके बाद  लोकायुक्त की ट्रैप टीम बनाई गई, जिसमें निरीक्षक रंजीत सिंह, कमलसिंह और स्टाफ शामिल रहा।  इस बीच बेखौफ घूसखोरों ने किसान को रिश्वत लेकर बंडा रेंज आफिस में ही देने के लिए बुलाया गया। 


रिश्वत लेते ही लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों धर-दबोचा  

रिश्वत देने के लिए बंडा रेंज आफिस किसान को बुलाने के चलते लोकायुक्त ट्रैप टीम ने सोमवार को वन परिक्षेत्र कार्यालय बंडा की घेराबंदी कर ली। इसके बाद जैसे ही किसान से  रेंजर और बाबू ने 50 हजार रुपए रिश्वत की रकम स्वीकार की, वैसे ही धर-दबोचा गया। इाके बाद रिश्वतखोर दोनों आरोपियों विकास सेठ, वन परिक्षेत्र अधिकारी, उत्तर वन मंडल बंडा जिला सागर और जयप्रकाश तिवारी, सहायक ग्रेड 3,  कार्यालय वन परिक्षेत्र अधिकारी, उत्तर वन मंडल बंडा जिला सागर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में कार्रवाई की गई।


भ्रष्टाचार के खिलाफ इस नंबर पर करें शिकायत

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग सागर एसपी योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई होती है। 

इसी क्रम में सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर -8435794333 पर फोन कर सकते है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.