Type Here to Get Search Results !

मुरैना में माफिया द्वारा ट्रैक्ट्र से कुचल कर वनरक्षक की हत्या: वन रक्षक को शहीद का दर्जा और परिवार को एक करोड़ मुआवजा देने की मांग

  • मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ वनविभाग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आमोद तिवारी की अगुवाई में सौंपा गया एपीसीसीएफ एडमिन-2 को ज्ञापन

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफिया को रोकने और पकड़ने की कोशिश के दौरान वन रक्षक को ट्रैक्टर से रौंद दिया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसी वनरक्षक को शहीद का दर्जा देने और परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग की गई है।



इस बारे में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ वनविभाग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आमोद तिवारी ने अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन सरंक्षक प्रशासन-2 अजय यादव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित शुक्रवार को 5 सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें तिवारी ने कहा है कि वन और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए जान जोखिम में ड़ालने वाले वन अमले को गोली चलाने का अधिकार दिया जाए, साथ ही फारेस्ट फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर मामलों का निराकरण किया जाए। तिवारी ने कहा कि विभाग की ओर से वन अमले को मिली बंदूकें सिर्फ शोपीस बनी हुई हैं, जिनको कंधे पर टांग कर घूमने के अलावा कोई उपयोगिता नही है। इस मौके पर सुबोध त्यागी, सुधीर नेमा, राजीव उपाध्याय, ताज मोहम्मद खान, सुरेंद्र द्विवेदी, अनवर खान, रामनारायण तिवारी, प्रभु कटारे, दीपक बोर्डे, श्याम चौधरी सहित बड़ी तादाद में वन कर्मचारी थे।



शहीद का दर्जा और एक करोड़ मुआवजे की मांग

मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ वनविभाग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आमोद तिवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वन रक्षक स्व. हरिकेश गुर्जर को शहीद का दर्जा दिया जाकर आश्रित परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी जाए। साथ ही मृतक के परिवार से एक व्यक्ति को तत्काल अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.