Type Here to Get Search Results !

कोरल कासा मल्टी में भीषण जल संकट: निजी खाते में मेंटेनेंस के पैसे ले रहा है बिल्डर लेकिन नहीं कर रहा पानी का इंतजाम

भोपाल। पीपुल्स मॉल के पीछे स्थित कोरल कासा मल्टी के रहवासी पानी के गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। बिल्डर ने पानी का पर्याप्त इंतजाम ही नहीं किया है, बोर से जितना पानी मिल पा रहा था उसी पर फ्लैट बढ़ाता गया। पानी के इंतजाम के लिए अब नर्मदा जल कनेक्शन के नाम पर लाखों रुपए का चंदा इकट्ठा कर लिया गया लेकिन फिलहाल जल संकट से निपटने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे।                                                                                               


बीएम रियल्टी के कोरल कासा रहवासी ग्रुप में "पानी नहीं आ रहा" के ही मैसेज चल रहे हैं। बिल्डर प्रति फ्लैट एक हजार रुपए मेंटेनेंस चार्ज प्रवीण हिमथानी के निजी खाते में वसूल रहा है। मेंटेनेंस जमा नहीं करने पर पानी का कनेक्शन काटने की धमकी दी जा रही है लेकिन हालात यह है कि मेंटेनेंस जमा किया हो तो भी पानी मिलने की कोई गारंटी नहीं है। बोर दम तोड़ रहे हैं, सोसायटी में बना संप टैंक सूख गया है। बिल्डर टैंकर बुलवा कर पानी की थोड़ी बहुत पूर्ति कर देता है, इसके बाद लोग फिर पानी के लिए तरसने लगते हैं। जल संकट के स्थाई समाधान के लिए नर्मदा जल कनेक्शन को लेकर कुछ रहवासियों ने पहल की थी। बिल्डर को भी तैयार कर लिए जाने का दावा कर रहवासियों से छह हजार रुपए प्रति फ्लैट के हिसाब से राशि एकत्रित की गई। यह रकम भी निजी खातों में एकत्रित कराई गई, दस लाख रुपए से अधिक की राशि जमा भी हो गई लेकिन नर्मदा जल कनेक्शन की स्थिति क्या है यह कोई बता पाने की स्थिति में नहीं है।

वर्तमान में जब भीषण गर्मी का कहर जारी है ऐसे समय में कोरल कासा के रहवासी पानी के लिए तरस रहे हैं। बिल्डर और उसके कर्मचारी रहवासियों की शिकायतों का जवाब ही नहीं देते इससे रहवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रहवासियों में इस‌ बात का भी आक्रोश है कि जलसंकट के बावजूद ए ब्लॉक में काम जारी रखा गया है।रहवासियों के आक्रोश को देखते हुए बिल्डर के कार्यालय में कभी भी अप्रिय स्थिति बन सकती है इसके चलते बिल्डर प्रवीण हिमथानी और राजकुमार हिमथानी ने कार्यालय आना कम कर दिया है। गौरतलब है कि बिल्डर के खिलाफ ग्राहकों के साथ मारपीट और धोखाधड़ी के मामले पहले से थाना निशातपुरा में दर्ज हैं।