- सनावद तहसील की ग्राम पंचायत भोमवाड़ा की महिला सरपंच का पति चिंताराम भोमारे और ग्राम पंचायत का सचिव जितेंद्र सिंह पंवार को प्रधानमंत्री आवास योजना की आखिरी किश्त के बदले रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों लोकायुक्त इंदौर पुलिस टीम ने धर-दबोचा
सनावद (खरगोन)। संभवत: यह पहली बार होगा कि सरपंच पत्नी का पति रिश्वत लेते पकड़ा गया हो। खरगोन जिले की सनावद तहसील के ग्राम पंचायत भोगवाड़ा की सरपंच के पति सहित ग्राम पंचायत सचिव को प्रधानमंत्री आवास की किश्तों के बदले 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त इंदौर पुलिस टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है।
महिला ने की थी लोकायुक्त इंदौर कार्यालय में शिकायत
रिश्वत मांगने की शिकायत आवेदिका श्रीमती कविता यादव पति गजेन्द्र यादव उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम भोगवाढा, तहसील सनावद, जिला खरगोन ने इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर की। शिकायत में बताया गया कि करीब दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत कुटीर निर्माण के लिए 1 लाख 25 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे, जोकि चार किश्तों में आवेदिका को मिलना थे। इसी के तहत पहली किश्त 25 हजार रुपए नवंबर 2025 में, द्वितीय किश्त 40 हजार रुपए मार्च 2026 में आवेदिका को मिल चुके हैं। इसके बाद तृतीय किश्त 10 हजार रुपए और चतुर्थ किश्त 15 हजार रुपए की मिलना है। इसी के बदले जितेन्द्र सिंह पंवार, सचिव, ग्राम पंचायत भोमवाडा एवं ग्राम पंचायत भोमवाडा सरपंच पति चिंताराम भोमारे द्वारा तृतीय एवं चुतर्थ किश्त की राशि 40,000/- एवं 15,000/- रू. कुल 65,000/- रुपए निकालने के एवज में 8,000/- रू. रिश्वत की मांग की जा रही है।
रिश्वत मांगने की शिकायत सही होने पर ट्रैप दल बनाया
रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन राजेश सहाय, पुलिस अधीक्षक, विपुस्था, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर ने करवाया। इसमें शिकायत सही पाये जाने पर 27 अप्रैल 2026 को ट्रैपदल का गठन करके रवाना किया गया। ट्रैप दल में कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक आशीष नायडू, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक अनिल परमार शामिल किए गए।

आरोपी जितेन्द्र सिंह पंवार पिता कमलसिंह पंवार, उम्र 49 वर्ष पद-सचिव, ग्राम पंचायत भोमवाडा तहसील सनावद जिला खरगोन की उपस्थिति में आरोपी सरपंच पति चिंताराम भोमारे पिता पन्नालाल भोमारे, उम्र 38 वर्ष, ग्राम पंचायत भोमवाडा को आवेदिका से 8 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61 (2) बीएनएस 2023 के अंतर्गत कार्यवाही की गई।

कोई भी मांगे रिश्वत तो लोकायुक्त में करे शिकायत
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की कोई अधिकारी, कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो लोकायुक्त कार्यालय इंदौर एवं दूरभाष पर भी संपर्क कर सकते है।
कार्यालय- पुलिस अधीक्षक,
विशेष पुलिस स्थापना,
लोकायुक्त कार्यालय इंदौर, संभाग इंदौर
पता- मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर-452007
दूरभाष - 0731-2533160
0731-2430100
