Type Here to Get Search Results !

सेंट्रल ब्यूरो आफ नारकोटिक्स: मंदसौर-नीमच से तस्करी करके ले जाया जा रहा ढ़ाई क्विंटल से अधिक डोडा चूरा राजस्थान बॉर्डर पर पकड़ा गया

  • तस्करों की पिकअप बॉर्डर क्रास कराने के लिए ब्लैक बुलट पर आगे-आगे चल रहा था पायलट

  • मेन हाई-वे को छोड़कर कच्चे रास्ते से राजस्थान बॉर्डर क्रास करने से पहले ही ढ़ाबे पर पकडे गए

मनासा (नीमच)।  
मध्यप्रदेश से राजस्थान ले जाए जा रहे 263.07 किलो डोडाचूरा को शनिवार-रविवार आधी रात में सीबीएन (सेंट्रल ब्यूरो आॅफ नारकोटिक्स) की प्रिवेंटिव टीम ने पकड़ा है। यह डोडाचूरा नीमच-मंदसौर क्षेत्र का था, जिसको हाई-वे के बजाय मनासा-पिपलिया मंडी रोड से देर रात तस्कर ले जा रहे थे। इस पर सीबीएन टीम ने घेराबंदी करके बीकानेर राजस्थान रजिस्टर्ड मिनी ट्रक को पकड़ा और तलाशी ली तो प्याज और लहसुन की बोरियों के नीचे प्लास्टिक बैगों में डोडाचूरा मिला। इसके साथ ही एक बुलेट मोटर साइकिल सवार को भी पकड़ा गया है, जोकि पायलटिंग कर रहा था।



मिनी ट्रक की ब्लैक बुलट से हो रही थी पायलटिंग

सीबीएन के अनुसार बीकानेर क्षेत्र के कुछ व्यक्तियों द्वारा नीमच-मंदसौर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा बीकानेर ले जाने की साजिश रची गई थी। कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने हेतु तस्करों द्वारा मुख्य नीमच-मंदसौर राजमार्ग के स्थान पर आंतरिक मनासा-पिपलिया मंडी मार्ग का उपयोग देर रात्रि में करने की योजना बनाई गई थी। यह भी सूचना थी कि एक पुराना टाटा मिनी ट्रक (बीकानेर पंजीयन) में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जाएगा, जिसे एक काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (चित्तौड़गढ़ पंजीयन) द्वारा पायलट किया जाएगा।



झारडा-नारायणगढ़ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास पकडे गए

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया। उत्कृष्ट समन्वय एवं साहसिक कार्यवाही के तहत संदिग्ध वाहनों की पहचान कर झारडा-नारायणगढ़ मार्ग पर इंडियन आॅयल पेट्रोल पंप के निकट टाटा मिनी ट्रक एवं पायलट बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई।

प्याज, लहसुन के बोरों के नीचे छिपाया गया था डोडाचूरा

जांच के दौरान तस्करों द्वारा अपनाई गई चतुराईपूर्ण modus operandi  का खुलासा हुआ। अवैध डोडाचूरा को प्याज एवं लहसुन की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। इन बोरियों को हटाने पर 13 पीले प्लास्टिक बैग प्राप्त हुए, जिनके अंदर काले प्लास्टिक बैग में डोडाचूरा को सिलकर छुपाया गया था, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। कुल 263.07 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।

मौके पर समस्त वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर अवैध मादक पदार्थ, एक टाटा मिनी ट्रक एवं एक बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त किया गया तथा तीन आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।