Type Here to Get Search Results !

विदिशा जिले के सांगुल गांव में किसान की आत्महत्या के बाद गांव पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने की एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता

  • नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जताया गहरा शोक, पीड़ित परिजनों से जतांई संवेदना, एसडीएम को मौके पर ही दिए गहराई से जांच करके कार्रवाई के निर्देश

विदिशा। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम सांगुल पहुंचकर किसान स्वर्गीय कालूराम जाट के निवास पर शोक संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विदिशा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी, प्रदेश सचिव मयंक तेनगुरिया, राजेन्द्र मंडलोई, राहुल राज और आनंद जाट मौजूद रहे।




सिंघार ने कहा कि एक किसान को अपनी ही जमीन और सम्मान के लिए संघर्ष करते-करते, प्रशासनिक उपेक्षा के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर होना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। यह घटना केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी किसान को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े, इसके लिए जवाबदेही तय करना आवश्यक है।

नेता प्रतिपक्ष ने दिए एसडीएम को जांच करके कार्रवाई के निर्देश

इस अवसर पर सिंघार ने मौके पर मौजूद एसडीएम को मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की।
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने दोहराया कि वे इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।