Type Here to Get Search Results !

रायसेन जिले के बेगमगंज रेंजर अरविंद अहिरवार फर्नीचर बिल पास करने के बदले 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

  • ईओडब्ल्यू की वायस रिकार्डिंग में पहले 10 हजार और फिर 5 हजार रुपए मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने बुधवार शाम को सरकारी निवास में घूस लेते धर-दबोचा

बेगमगंज / रायसेन ।   फर्नीचर व्यवसायी से ट्रांसपोर्टेशन के लिए बिल पास करने के बदले 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रायसेन जिले के बेगमगंज रेंजर अरविंद अहिरवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेंजर अपने सरकारी निवास में ही बुधवार शाम को मोबाइल पर बात बात करते हुए बेखौफ रिश्वत ले रहा था।



फर्नीचर व्यवसायी ने की थी रिश्वत मांगने की शिकायत

रिश्वत मांगने की शिकायत भोपाल स्थित ईओडब्ल्यू एसपी कार्यालय पहुंच कर एसपी अरुण मिश्रा से आवेदक शकील अहमद, निवासी बेगमगंज, जिला रायसेन ने की थी। शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता का सुपर ट्रेडर्स के नाम से फर्नीचर का व्यवसाय है। फर्नीचर के ट्रांसपोर्ट के लिए बिल पास करने के लिए 21 अप्रैल को आवेदन किया गया, तो रेंजर अहिरवार ने 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस पर 27 अप्रैल को ही ईओडब्ल्यू को शिकायत की गई। इसके बाद ईओडब्ल्यू से वायस रिकॉर्डर दिया गया, जिसमें दर्ज बातचीत में रिश्वत की मांग स्पष्ट थी। इसी बीच जिस कर्मचारी के माध्यम से रिश्वत दी जानी थी, उसका रिटायरमेंट हो गया। साथ ही शिकायतकर्ता की बेटी की तबियत खराब होने से कार्रवाई टल गई।
 


दोबारा वायस रिकार्डिंग में रेंजर बोले-अभी पांच कर दो

ईओडब्ल्यू एसपी अरुण मिश्रा के निर्देशन में फिर से ईओडब्ल्यू टीम ने वायस रिकार्र्डिग करवाई। इसमें शिकायतकर्ता शकील अहमद के साथ रिश्वत की स्पष्ट बातचीत थी, जिसमें रेंजर अरविंद अहिरवार ने साफ कहा कि-अभी पांच हजार कर दो। इसके बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने रिश्वतखोर रेंजर को पकड़ने के लिए तैयारी की। इसके लिए उप पुलिस अधीक्षक पंकज गौतम की अगुवाई में ट्रैप टीम बनाई गंई, जिसमें निरीक्षक हरिओम दीक्षित, निरीक्षक योगेंद्र दुबे, निरीक्षक भीष्म दुबे और निरीक्षक वंदना दुबे के साथ ही उपनिरीक्षक अरुण भदौरिया, चिन्मय मिश्रा सहित ईओडब्ल्यू की पुलिस टीम को शामिल करके रवाना किया गया।
 


रेंजर ने नगदी देखते ही कहा-अच्छा ले आए, लाओ...

ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार शाम को रायसेन जिले के बेगमगंज स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय की चारो तरफ से घेराबंदी कर ली। इसके बाद बेगमगंज स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में सरकारी निवास पर जैसे ही रेंजर अरविंद अहिरवार ने मोबाइल पर बात करते हुए रिश्वत के नोट देखे तो कहा-अच्छा ले आए, यहां लाओ..। इस पर रिश्वत स्वीकारते ही ईओडब्ल्यू की टीम डीएसपी पंकज गौतम के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम दनदनाते हुए अंदर घुसी और रेंजर को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी रेंजर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।