Type Here to Get Search Results !

भिंड जिले में कृषि भूमि के सीमाकंन के बदले 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते गोहद तहसील के तुकेड़ा हल्का पटवारी को लोकायुक्त टीम ने पकड़ा

  • 15 मई को सीमांकन के पहले रिश्वत मांगी थी 10 हजार रुपए की, मोलभाव के बाद 6 हजार रुपए पर फायनल होने के बाद मालपुरा में नहर किनारे 20 मई को खुलेआम बेखौफ रिश्वत ले रहा था पटवारी

भिंड।
किसान से उसकी ही कृषि भूमि के सीमाकंन के बदले सड़क पर खुलेआम रिश्वत ले रहे भिंड जिले की गोहद तहसील के तुकेड़ा हल्का के पटवारी को लोकायुक्त ग्वालियर की पुलिस टीम ने रंगें हाथों गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाला पहलू यह है कि पटवारी ने पहले रिश्वत 10 हजार रुपए की मांगी ग्थी, जोकि मोलभाव के बाद 6 हजार रुपए पर फायनल होने के बाद मालनपुरा के पास रिश्वत देने बुलाया और पकड़ा गया।  


      
10 हजार की रिश्वत मांगी, मोलभाव के बाद 6 हजार पर तैयार हो गया

शिकायतकर्ता किसान रामखिलाड़ी चौहान पुत्र कृपाराम चौहान, निवासी ग्राम तुकेडा, तहसील गोहद, जिला भिंड ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के कार्यालय में रिश्वत मांगने की शिकायत की। किसान ने बताया कि बीते 15 मई 2026 को उसने अपनी जमीन के सीमांकन का आवेदन किया था। इस पर ्रगोहद तहसील के तुकेड़ा हल्का पटवारी हिमांशु तोमर ने सीमांकन करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। साथ ही धमकाया कि अगर रिश्वत नहीं दी गई तो सीमांकन नहीं होगा। हालांकि बाद में किसान ने जब राशि ज्यादा बताई तो मोलभाव करके 6 हजार रुपए लेने को तैयार हो गया। इसके बाद बिना देरी किए घूस देने के लिए 20 मई 2026 को बुलाया है।
 


सत्यापन में शिकायत सही होने पर रवाना की गई ट्रैप टीम

पुलिस अधीक्षक ग्वालियर लोकायुक्त निरंजन शर्मा ने रिश्वत मांगने की शिकायत का परीक्षण सह सत्यापन करवाया तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम बना कर गोहद रवाना की गई। इस ट्रैप टीम के प्रभारी लोकायुक्त ग्वालियर के उप पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, निरीक्षक उपेंद्र दुबे, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पवैया, हेमन्त शर्मा, जसवंत शर्मा, मनोज कुशवाहा, बलवीर, आरक्षक प्रशांत कुशवाह, आरक्षक विनोद शाक्य, और आरक्षक रवि सिंह शामिल थे।
 


नहर किनारे सड़क पर खुलेआम घूस ले रहा था पटवारी

लोकायुक्त ग्वालियर की ट्रैप टीम ने रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने के लिए ने नहर के पास घेराबंदी कर ली। इसके बाद किसान से मालनपुरा में नहर किनारे बांई तरफ सड़क पर जैसे ही पटवारी ने 6 हजार रुपए की रिश्वत ली, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी पटवारी हिमांशु तोमर पिता महेश सिंह तोमर उम्र 35 वर्ष,वर्तमान पदस्थापना-तुकेडा पटवारी एवं निवासी शिंदे की छावनी लश्कर ग्वालियर म.प्र. के खिलाफ आरोपी के विरुद्ध धारा 7, पीसी एक्ट 1988 ( संशोधित अधिनियम 2018) के अंतर्गत कार्यवाही की गई।

भ्रष्टाचार की शिकायत करें, रिश्वत मांगें तो खबर करें

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर ग्वालियर लोकायुक्त इकाई लगातार कार्रवाई कर रही है। अगर कोई रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार का मामला है तो सूचना दें।

संपर्क सूत्र एवं पता -

कार्यालय पुलिस अधीक्षक,

विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त,

संभाग ग्वालियर, मप्र

मोबाइल नंबर - 0751-2457121