Type Here to Get Search Results !

दमोह जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ में पीएम आवास की दूसरी किश्त के बदले 6 हजार की रिश्वत लेते सचिव और चौकीदार रंगे हाथों गिरफ्तार

  • प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किश्त दिलवाने और जियो टैगिंग करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से पहली किश्त में 4 हजार रुपए वसूलने के बाद दूसरी किश्त में 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते पंचायत कार्यालय में ही सचिव और चौकीदार


दमोह/ सागर। दमोह जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ के सचिव सहित पंचायत के चौकीदार को प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किश्त दिलवाने और जियो टैगिंग करने के एवज में 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते सागर लोकायुक्त की पुलिस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि लोकायुक्त में रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद भी रिश्वत की पहली किश्त के 4 हजार रुपए धमकाकर आरोपी वसूल चुके थे।




उषा कोष्टी के पति महेंद्र ने की थी लोकायुक्त सागर में शिकायत

रिश्वत मांगने की शिकायत महेंद्र कोष्टी पिता अमृतलाल कोष्टी निवासी ग्राम तेजगढ़ जिला दमोह ने सागर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम पर प्रधानमंत्री आवास मंजूर होने के बाद पहली किश्त मिल गई थी। इसकी दूसरी किश्त जारी करवाने और जियो टैगिंग के बदले पंचायत सचिव जुगराज सिंह लोधी ने 10 हजार रुपए की रिश्वत देने का दबाव बनाया। साथ ही रिश्वत नही देने पर किश्त अटकाने और जियो टैगिंग नहीं करने की धमकी दे रहा है। इसमें पंचायत का चौकीदार गुड्डा रायकवार सहयोग कर रहा था और बिना रिश्वत काम नही होने की धमकी दे रहा था।


शिकायत के सत्यापन के दौरान ही 4 हजार रुपए की रिश्वत ली

रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त सागर योगेश्वर शर्मा ने करवाया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। हालांकि चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया कि रिश्वत मांगने की शिकायत के सत्यापन के दौरान ही पंचायत सचिव ने रिश्वत की पहली किश्त 4 हजार रुपए दबाव देकर वसूल लिए। इसके बाद रिश्वतखोरों को पकड़ने के लिए एसपी योगेश्वर शर्मा ने ट्रैप दल का गठन किया गया। ट्रैप दल में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक रंजीत सिंह के साथ लोकायुक्त सागर का स्टाफ शामिल करके रवाना किया गया।


पंचायत आफिस में ही बेखौफ रिश्वत लेते पकड़े गए

आवेदक महेंद्र कोष्टी से रिश्वत की बकाया 6 हजार रुपए की किश्त तेजगढ़ पंचायत कार्यालय में ही बेखौफ लेते हुए पंचायत सचिव जुगराज सिंह पिता जवाहर लोधी को रंगे हाथोें पकड़ा गया। इसके साथ ही लेन-देन में मददगार पंचायत के चौकीदार गुड्डा रायकवार पिता चेतराम रायकवार को भी सह आरोपी बनाकर मौके पर ही गिरफ्तारी की गई। इसके बाद आरोपी पंचायत सचिव से रिश्वत राशि बरामद करके भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।


रिश्वत मांगने वाले की लोकायुक्त में करें शिकायत

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में अगर कोई रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत लोकायुक्त सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में करें। या सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर-8435794333 पर फोन भी कर सकते है।