Type Here to Get Search Results !

सागर 'डबल मर्डर' कांड: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने शाहपुर में पीड़ितों को बंधाया ढांढस, बोले- सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा माफिया

  • हादसे की साजिश बेनकाब होने के बाद गरमाई सियासत; कांग्रेस ने मृतक परिवारों के लिए मांगी सरकारी नौकरी और 50-50 लाख रु की सहायता

सागर। 
सागर जिले के रहली गढ़ाकोटा विधानसभा अंतर्गत शाहपुर में शराब माफिया द्वारा की गई सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति की जघन्य हत्या के मामले ने अब व्यापक राजनैतिक रूप ले लिया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शाहपुर पहुँचकर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक पीड़ितों को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी।



प्रशासनिक संरक्षण में माफिया का तांडव:

पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शाहपुर की यह हृदय विदारक घटना प्रशासनिक विफलता की पराकाष्ठा है। पटवारी ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के धंधे को मिल रहे राजनैतिक और प्रशासनिक संरक्षण के कारण ही अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे हत्या कर उसे हादसे का रूप देने का दुस्साहस कर रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार से प्रत्येक मृतक परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की पुरजोर मांग की है।



पुलिसिया जांच में साजिश का पर्दाफाश:

गौरतलब है कि इस हत्याकांड को रफा-दफा करने के लिए माफिया ने इसे 'सड़क हादसा' बताने की हरसंभव कोशिश की थी। लेकिन सानौधा थाना प्रभारी (टीआई) भरत सिंह ठाकुर की विशेष सक्रियता और पुलिस टीम की सूक्ष्म जांच ने इस रची-बसी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे माफिया के मंसूबों पर पानी फिर गया है।



शाहगढ़ में अगवानी और दिग्गजों की मौजूदगी:

जीतू पटवारी के जिले में प्रवेश करते ही ग्राम शाहगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सूत की माला पहनाकर उनका गरिमामय स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा, शहर अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर एवं सुरेंद्र चौधरी, मप्र कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी, पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी एवं नारायण प्रजापति, डॉ. संदीप सबलोक, वरिष्ठ नेता अमित राम जी दुबे, पार्षद ताहिर खान, ऋचा सिंह गोंड, पं. लक्ष्मी नारायण सोनकिया, चमन अंसारी और आदिल राइन प्रमुख रूप से शामिल थे।



न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष:

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने यह साफ कर दिया है कि शाहपुर के निर्दोष युवाओं की हत्या का यह मुद्दा शांत नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सभी दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी। फिलहाल शाहपुर में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन इस दौरे ने शासन-प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी है।