Type Here to Get Search Results !

टीकमगढ़ कॉलेज के रिटायर्ड स्वीपर की एरियर राशि के बदले एक लाख रुपए की रिश्वत लेते लैब टैक्नीशियन रंगे हाथों गिरफ्तार

  • टीकमगढ़ के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से सेवानिवृत्त हो चुके सफाई कर्मचारी के समयमान वेतनमान के एरियर की राशि और अर्जित अवकाश के नगदीकरण के बदले प्रभारी स्थापना शाखा ने 2 लाख रुपए की रिश्वत की डिमांड की, जिसकी लोकायुक्त में शिकायत के बाद पहली किश्त में 50 हजार रुपए धमका कर वसूले, इसके दूसरी किश्त 1 लाख रुपए लेते हुए सागर लोकायुक्त पुलिस टीम ने पकड़ा

टीकमगढ़/ सागर। टीकमगढ़ के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से सेवानिवृत्त हो चुके सफाई कर्मचारी के बेटे से समयमान वेतनमान के एरियर की राशि के भुगतान और अवकाश नगदीकरण के बदले 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए स्थापना शाखा प्रभारी लैब टैक्नीशियन को लोकायुक्त सागर की पुलिस टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि रिश्वतखोर लैब टैक्नीशियन इसके पहले ही रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपए धमका कर वसूल चुका था।



रिटायर्ड स्वीपर के बेटे ने की थी 2 लाख रिश्वत मांगने की शिकायत

रिश्वत मांगने की शिकायत देवेंद्र वाल्मीक निवासी नगर परिषद कारी, जिला टीकमगढ़ ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर के कार्यालय में लिखित में की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पिता हरिकिशन वाल्मीक शासकीय महाविद्यालय टीकमगढ़ में स्वीपर के पद पर थे, जोकि जनवरी 2026 में रिटायर हो चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद हरिकिशन वाल्मीक के समयमान वेतनमान के एरियर की राशि भुगतान और अवकाश नगदीकरण के बदले स्थापना शाखा प्रभारी लैब टैक्नीशियन नितिन मिश्रा, निवासी ताल दरवाजा टीकमगढ़ ने 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि प्रभारी स्थापना शाखा के खिलाफ कार्रवाई चाहता है।

शिकायत के सत्यापन के चलते रिश्वत के लिए 50 हजार

रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर योगेश्वर शर्मा ने कराया। इसमें शिकायत सही पाई गई। हद तो यह हो गई कि सत्यापन के दौरान ही लैब टैक्नीशियन नितिन मिश्रा ने रिश्वत की पहली किश्त 50 हजार रुपए धमकाकर वसूल लिए। इसके बाद एसपी योगेश्वर शर्मा ने लोकायुक्त का ट्रैप दल बना कर टीकमगढ़ रवाना किया। इस ट्रैप दल में निरीक्षक कमल सिंह उईके एवं निरीक्षक मंजू किरण तिर्की के साथ लोकायुक्त सागर संभाग सागर का स्टाफ शामिल था।

टीकमगढ़ कॉलेज में ही रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया

लोकायुक्त ट्रैप दल ने 12 मई 2026 को टीकमगढ़ पहुंचने के बाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की घेराबंदी कर ली। इसके बाद रिश्वत देने देवेंद्र वाल्मीक गया, तो आरोपी लैब ट्रैक्नीशियन नितिन मिश्रा ने कॉलन्ेज में ही स्थापना शाखा कक्ष में रिश्वत ले ली। इस पर तत्काल लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी नितिन मिश्रा पिता राजेंद्र कुमार मिश्रा उम्र 41 वर्ष, अतिरिक्त प्रभार-स्थापना शाखा, मूल पद लैब टेक्नीशियन, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़, निवासी ताल दरवाजा टीकमगढ़, जिला टीकमगढ़ के खिलाफ कार्रवाई की गई।

रिश्वत मांगने वाले की लोकायुक्त में करें शिकायत

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में अगर कोई रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत लोकायुक्त सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में करें। या सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर-8435794333 पर फोन भी कर सकते है।